home page

ज्वाइनिंग के बाद एक्शन में कलेक्टर, बैरागढ़ तहसील का किया निरीक्षण, बोले—समझकर करेंगे चरणबद्ध कार्रवाई

 | 
ज्वाइनिंग के बाद एक्शन में कलेक्टर, बैरागढ़ तहसील का किया निरीक्षण, बोले—समझकर करेंगे चरणबद्ध कार्रवाई


भोपाल, 16 अप्रैल (हि.स.)। भोपाल के नए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने गुरुवार काे पदभार संभालते ही सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। ज्वाइनिंग के बाद वे पहली बार फील्ड में उतरे और बैरागढ़ (संत हिरदाराम नगर) तहसील पहुंचकर राजस्व रिकॉर्ड व व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से चर्चा कर जमीनी स्थिति को समझा।

मीडिया से बातचीत में कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि भोपाल उनकी पहली पोस्टिंग है, इसलिए वे पहले पूरे सिस्टम को समझेंगे और फिर चरणबद्ध तरीके से काम आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए कि बड़े तालाब के आसपास अतिक्रमण, अवैध कॉलोनियों और निजी स्कूलों में ड्रेस-पुस्तकों की मोनोपॉली जैसे मुद्दों पर कार्रवाई प्राथमिकता में रहेगी।

बैरागढ़ और शहर तहसील का निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तहसील नजूल शहर वृत्त और बैरागढ़ क्षेत्र में राजस्व कार्यों की समीक्षा की। मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि बड़ा तालाब (भोज वेटलैंड) भोपाल की पहचान है और इसकी सुरक्षा प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि तालाब किनारे अतिक्रमण के मुद्दे को गंभीरता से समझकर उचित कार्रवाई की जाएगी। अवैध कॉलोनियों पर निरंतर कार्रवाई जारी रखने की बात भी उन्होंने दोहराई।

स्कूलों और प्रशासन पर फोकस

निजी स्कूलों में ड्रेस और किताबों की अनिवार्यता को लेकर उठ रहे सवालों पर कलेक्टर ने जल्द ही स्कूल संचालकों की बैठक बुलाने की बात कही। साथ ही, उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आपात स्थितियों में टीम भावना से काम करना प्रशासन की बड़ी ताकत है।

“भोपाल को बनाएंगे सबसे बेहतर राजधानी”

कार्यभार संभालते ही कलेक्टर मिश्रा ने स्पष्ट विज़न भी रखा। उन्होंने कहा कि भोपाल को देश की सर्वश्रेष्ठ राजधानी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। विकसित मध्यप्रदेश और विकसित भारत के लक्ष्य में भोपाल की अहम भूमिका रहेगी। जनगणना को लेकर कलेक्टर ने इसे भविष्य की नीतियों का आधार बताया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सही और सटीक जानकारी दें, क्योंकि यही डेटा आगे की योजनाओं और विकास की दिशा तय करता है। गलत जानकारी न केवल वर्तमान बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी प्रभावित कर सकती है।

भोपाल के 35वें कलेक्टर

आईएएस प्रियंक मिश्रा भोपाल के 35वें कलेक्टर बने हैं। इससे पहले वे धार जिले में कलेक्टर थे और 14 अप्रैल को उन्होंने भोपाल में पदभार ग्रहण किया। पूर्व कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह को मुख्यमंत्री सचिवालय में नई जिम्मेदारी दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे