home page

जबलपुरः शहर को व्यवस्थित और सुंदर बनाने की दिशा में महाअभियान, अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर सख्ती

 | 
जबलपुरः शहर को व्यवस्थित और सुंदर बनाने की दिशा में महाअभियान, अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर सख्ती


जबलपुर, 26 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर की सूरत निखारने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से एक व्यापक महाअभियान चलाने की तैयारी की गई है। इस अभियान के तहत शहर भर में फैले अवैध निर्माण और अतिक्रमणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में गुरुवार को निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली, जिसमें अतिक्रमण विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के मार्गदर्शन में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति पर चर्चा की गई।

निगमायुक्त अहिरवार ने कहा कि शहर की सड़कों पर बढ़ता अतिक्रमण न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित कर रहा है, बल्कि यातायात व्यवस्था में भी गंभीर बाधा उत्पन्न कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में अतिक्रमण विभाग की टीमें लगातार तैनात रहें, ताकि मुख्य मार्गों को अवरोध मुक्त रखा जा सके।

उन्होंने यह भी बताया कि आमजन को जागरूक करने के लिए नियमित रूप से मुनादी कराई जाएगी, जिससे लोग स्वेच्छा से अपने अतिक्रमण हटा सकें। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों पर किए गए अवैध निर्माणों को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाएगा। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि शहर में अनुशासन और व्यवस्था स्थापित करना है।

उन्होंने अधिकारियों से फील्ड में सक्रिय रहने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि अभियान के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में अतिक्रमण विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई।

बैठक के बाद जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय एवं निगम आयुक्त राम प्रसाद अहिरवार सड़कों पर उतरे। उन्होंने सुगम यातायात व्यवस्था हेतु सड़कों का जायजा लिया। इस दौरान चिन्हित अतिक्रमणों को तत्काल अलग भी करवाया। निगम युक्त ने कहा है कि शहर को अतिक्रमण के जाल से मुक्त कर यातायात सुगम बनाना हमारा उद्देश्य है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक