राजस्व वसूली के लिए निगम सख्त, 31 मार्च तक कर्मचारियों के अवकाश पर रोक
जबलपुर, 05 मार्च (हि.स.)। जबलपुर नगर निगम प्रशासन ने राजस्व वसूली और शहर के विकास कार्यों को गति देने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने गुरुवार को अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
9 मार्च तक हर हाल में पूरा होगा हाउस नंबरिंग कार्य
जनगणना से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने हाउस नंबरिंग अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्य 9 मार्च तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए। अभियान को गति देने के लिए शुक्रवार से सुबह 7 बजे से ही निगम का अमला मैदान में उतरेगा। आयुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों से इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
सुबह से फील्ड में उतरकर बढ़ाई जाएगी राजस्व वसूली
बैठक में निगम की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए राजस्व वसूली अभियान की भी गहन समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सुबह 7 बजे से ही फील्ड में उतरकर वसूली कार्य में तेजी लाएं और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें।
31 मार्च तक वसूली से जुड़े कर्मचारियों की छुट्टियां बंद
वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण को देखते हुए आयुक्त ने वसूली से जुड़े कर्मचारियों के अवकाश पर 31 मार्च तक रोक लगा दी है, ताकि राजस्व लक्ष्य समय पर प्राप्त किए जा सकें। हालांकि, अत्यंत आवश्यक स्थिति में ही अवकाश स्वीकृत किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि वसूली के दौरान नागरिकों के साथ शालीन और व्यवहार कुशल रवैया अपनाया जाए।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक के बाद आयुक्त ने लोककर्म विभाग के अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। आयुक्त ने कहा कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी तकनीकी अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर कार्यों की निगरानी सुनिश्चित करें।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

