home page

जबलपुर में दशहरा पर्व की तैयारियां तेज, निगमायुक्त ने किया जुलूस मार्गों और पंडालों का औचक निरीक्षण

 | 
जबलपुर में दशहरा पर्व की तैयारियां तेज, निगमायुक्त ने किया जुलूस मार्गों और पंडालों का औचक निरीक्षण


जबलपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी विजयादशमी पर्व को ऐतिहासिक, भव्य और पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए जबलपुर नगर निगम प्रशासन ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने शनिवार सुबह से ही निगम अमले के साथ शहर के मुख्य मार्गों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने सड़कों के गड्ढों को तुरंत भरने, मार्ग पर रोशनी की पुख्ता व्यवस्था करने और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, पूजा समितियों और पंडाल संचालकों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर सुरक्षा के सभी मानकों, विशेषकर अग्निशामक यंत्रों की उपलब्धता और विद्युत सुरक्षा का पालन करने पर जोर दिया गया।

निगमायुक्त ने तीन पत्ती से मालवीय चौक, सुपर मार्केट, लड़गंज, फुहारा, सुनरहाई, हनुमानताल, घमापुर, शीतला माई और कांचघर रोड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर निगमायुक्त ने बताया कि जबलपुर में हर त्योहार को जन-सहयोग और सुरक्षा के साथ मनाने की परंपरा को प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने इसके लिए अधिकारियों को अधिकारियों की इसी मुस्तैदी के साथ कार्य करने निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक