home page

जबलपुर : पदभार संभालते ही निगमायुक्त का सख्त एक्शन,व्यवस्था को तीन जोनों में बांटने के दिए निर्देश

 | 
जबलपुर : पदभार संभालते ही निगमायुक्त का सख्त एक्शन,व्यवस्था को तीन जोनों में बांटने के दिए निर्देश


जबलपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में नगर निगम के नवनियुक्त निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने पदभार ग्रहण करने के दूसरे ही दिन से अपनी कार्यशैली से यह स्पष्ट कर दिया है कि शहर में लापरवाही और ढिलाई बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गुरुवार को सुबह 6.30 बजे से ही वे मैदानी अमले के साथ शहर के विभिन्न इलाकों का जायजा लेने सड़क पर उतर पड़े। उन्होंने रानीताल, सर्वोदय नगर, आगा चौक और गढ़ा फाटक, पोली पाथर ललपुर एस टी पी प्लांट समेत कई प्रमुख क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए उन्होंने एक नई पहल की घोषणा की। इसके तहत सफाई व्यवस्था को तीन प्रमुख जोनों रेड जोन, येलो जोन और ग्रीन जोन में विभाजित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान किया जा सके।

उन्होंने दो टूक शब्दों में अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी कि सभी लोग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करें, अन्यथा कड़ी विभागीय कार्रवाई के लिए तैयार रहें। गढ़ा फाटक क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान पानी के लीकेज को गंभीरता से न लेने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित उपयंत्री को तत्काल प्रभाव से कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर में सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए स्वास्थ्य अमले को सुबह से ही फील्ड पर उतरना होगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सफाई मित्रों को शत-प्रतिशत सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं ताकि उनकी सेहत और सुरक्षा से कोई समझौता न हो।

मैदानी निरीक्षण के क्रम में उन्होंने ललपुर स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया और वहां चल रही प्रक्रियाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निगमायुक्त के इस औचक और सख्त निरीक्षण से निगम अमले में पूरी तरह से सक्रियता देखी जा रही है।अत्याधुनिक जी पी एस बेस्ड वाश ऑन व्हीलस की तर्ज पर सीवेज सफाई हेतु मोबाइल एप्लिकेशन विकसित किया जाएगा ताकि सीवर की समस्याओं का समय सीमा में निराकरण एवं सूचीबद्ध कर सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक