जबलपुरः सड़क मरम्मत में देरी पर निगम सख्त, कंपनी पर 5 लाख जुर्माना
जबलपुर, 23 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में अमृत-2 योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत में देरी पर नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। कंपनी पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
सोमवार को निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने गौरीघाट रेत नाका से बंदरिया तिराहा तक पैदल निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सड़क खुदाई के बाद मरम्मत कार्य अधूरा पाए जाने पर ठेका कंपनी ईगल पीसी स्नेहल पर 5 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। साथ ही काम की निगरानी कर रहे आरबी कंसल्टेंट और संबंधित उपयंत्री को लापरवाही पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
निगमायुक्त ने पाया कि खुदाई के बाद सड़क को समय पर ठीक नहीं किया गया, जिससे क्षेत्र में धूल उड़ रही है और लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। इसे अनुबंध शर्तों का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा से समझौता नहीं होगा। देरी करने वाली एजेंसियों और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
इसके साथ ही निगम ने फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि पैदल चलने वालों को सड़क पर चलने के लिए मजबूर न होना पड़े। निगमायुक्त ने सीवर, पेयजल और लोक निर्माण विभाग के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर भी जोर दिया, ताकि बार-बार खुदाई से बचा जा सके और समय व संसाधनों की बर्बादी न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

