home page

मकानों की तोड़फोड़ पर जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और मुआवजे की मांग

 | 
मकानों की तोड़फोड़ पर जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और मुआवजे की मांग


मकानों की तोड़फोड़ पर जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और मुआवजे की मांग


भोपाल, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर और भोपाल में हाल ही में हुई मकानों की तोड़फोड़ की कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है। उन्होंने कार्रवाई से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत, सुरक्षित आवास, किराया सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही प्रदेश में अवैध कॉलोनियों के विकास, जमीन की खरीद-बिक्री और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराने का सुझाव दिया है।

जीतू पटवारी ने बुधवार काे लिखे अपने पत्र में कहा कि मकानों की तोड़फोड़ से प्रभावित परिवारों के सामने आवास, आजीविका और आर्थिक सुरक्षा का संकट खड़ा हुआ है। कई परिवारों ने वर्षों की जमा पूंजी लगाकर मकान बनाए थे। कुछ ने बैंक से कर्ज लेकर घर खरीदे या बनवाए थे। ऐसे में मकान टूटने के बावजूद उनके ऊपर ऋण चुकाने की जिम्मेदारी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्रवाई के साथ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और भविष्य की व्यवस्था पर भी समान रूप से ध्यान दिया जाना चाहिए।

प्रभावित परिवारों का सर्वे और किराया सहायता देने का सुझाव

पटवारी ने मुख्यमंत्री को दिए सुझावों में इंदौर और भोपाल सहित प्रदेश में हालिया तोड़फोड़ से प्रभावित परिवारों का जिला स्तर पर सर्वे कराने की बात कही है। इसमें परिवारों की संख्या, वास्तविक नुकसान और बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों तथा दिव्यांग सदस्यों का विवरण सार्वजनिक करने का सुझाव दिया है। उन्होंने पुनर्वास होने तक प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आवास और बाजार की वास्तविक दरों के अनुसार किराया सहायता देने की मांग की है। जिन परिवारों के मकानों पर बैंक ऋण चल रहा है, उनके मामलों में संबंधित बैंकों से समन्वय कर किस्तों में राहत, ऋण पुनर्गठन और ब्याज संबंधी सहायता उपलब्ध कराने की बात भी कही है।

इसके अलावा मकान, दुकान, घरेलू सामान और आजीविका के नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने का सुझाव दिया है। जिन परिवारों के पास रजिस्ट्री, बैंक ऋण, संपत्ति कर, बिजली और जलकर से जुड़े दस्तावेज हैं, उनके मामलों की विशेष समीक्षा करने की मांग की है।

कृष्णबाग कॉलोनी और जनता क्वार्टर का मामला उठाया

पत्र में जीतू पटवारी ने इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में हुई तोड़फोड़ का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां वर्षों से रह रहे परिवारों ने जमीन खरीदकर मकान बनाए थे और अपनी जमा पूंजी लगाई थी। कई परिवारों के पास रजिस्ट्री के दस्तावेज थे और कुछ संपत्ति कर भी जमा कर रहे थे। इसके बावजूद मकानों पर कार्रवाई से उन्हें आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ा।

भोपाल के छेराखाना स्थित जनता क्वार्टर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां करीब 600 मकानों में से 599 मकान तोड़े गए। यह क्षेत्र लगभग तीन हजार लोगों की आबादी वाला था। मकानों को जर्जर घोषित कर पुनर्विकास की योजना सामने रखी गई थी, लेकिन विस्थापन के दौरान किराया सहायता और पुनर्वास को लेकर परिवारों की चिंताएं बनी रहीं। पटवारी ने कहा कि दोनों मामलों में प्रभावित परिवारों के सामने आवास के साथ बच्चों की शिक्षा, रोजगार और बैंक ऋण चुकाने जैसी चुनौतियां भी हैं।

अवैध कॉलोनियों और भू-माफिया की भूमिका की जांच की मांग

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पिछले 25 वर्षों में विकसित हुई अवैध कॉलोनियों, जमीन की खरीद-बिक्री, भूमि स्वामित्व विवादों, भवन निर्माण अनुमतियों और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की समयबद्ध जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि बिना वैध अनुमति कॉलोनियां विकसित हुईं या विवादित जमीन पर प्लॉट बेचे गए, तो इसमें शामिल कॉलोनाइजरों और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।

उन्होंने भू-माफिया और अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए स्पष्ट प्रोटोकॉल बनाने का सुझाव दिया। साथ ही यह भी कहा कि जमीन की अवैध खरीद-बिक्री और निर्माण के दौरान संबंधित विभागों की भूमिका की जांच होनी चाहिए, ताकि केवल मकान बनाने वाले परिवारों तक कार्रवाई सीमित न रहे।

तोड़फोड़ से पहले सामाजिक प्रभाव का आकलन करने का सुझाव

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी मकान को तोड़ने से पहले प्रभावित परिवारों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आकलन किया जाना चाहिए। इसमें वैकल्पिक आवास, बच्चों की शिक्षा, रोजगार और बुजुर्गों की सुरक्षा जैसे पहलुओं को शामिल करने की जरूरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय की निगरानी में प्रदेश स्तरीय 'आवास एवं भूमि विवाद राहत प्रकोष्ठ' गठित करने का भी सुझाव दिया, ताकि प्रभावित परिवारों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण हो सके।

जीतू पटवारी ने पत्र में कहा कि सरकार का दायित्व अवैध निर्माण और भू-माफिया के खिलाफ कार्रवाई करना है, लेकिन जमीन की खरीद-बिक्री और निर्माण के दौरान यदि प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही हुई है तो उसकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रभावित परिवारों को राहत देने और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे