home page

जीतू पटवारी ने कृषक कल्याण वर्ष पर उठाए सवाल, कहा “सीएम पहलवान, लेकिन अफसरों के दांव में चित”

 | 
जीतू पटवारी ने कृषक कल्याण वर्ष पर उठाए सवाल, कहा “सीएम पहलवान, लेकिन अफसरों के दांव में चित”


भोपाल, 06 मार्च (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने शुक्रवार को मोहन सरकार के “कृषक कल्याण वर्ष” पर कड़ा सवाल उठाया। पत्रकार वार्ता काे संबाेधित करते हुए पटवारी ने कहा कि सरकार किसानों के कल्याण की बात कर रही है, जबकि कृषि तंत्र अधर में है और बाजार में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा।

जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वे उज्जैन में पहलवान के नाम से जाने जाते थे। लेकिन अब जब कोई अधिकारी उन्हें “पहलवानी का दांव” देता है, तो मुख्यमंत्री खुद ही चित हो जाते हैं। पटवारी ने बताया कि यह स्थिति एक-दो बार नहीं बल्कि लगभग हर महीने देखने को मिलती है। पटवारी ने कहा कि भाजपा ने गेहूं के लिए 2,700, धान के लिए 3,100 और सोयाबीन के लिए 6,000 रुपए प्रति क्विंटल खरीद की गारंटी दी थी। लेकिन उज्जैन मंडी में गेहूं 1,800 से 1,900 रुपए में बिक रहा है। उन्होंने वीडियो जारी कर यह स्थिति उजागर की।

कृषि विभाग में भारी रिक्त पद

पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कृषि व्यवस्था सरकारी उदासीनता के बोझ तले दम तोड़ रही है। कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार स्वीकृत 14,537 पदों में से 8,468 पद खाली हैं। इसके अलावा मत्स्य पालन विभाग में 722, उद्यानिकी में 1,459 और पशुपालन व डेयरी विभाग में भी बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं। पटवारी ने कहा, “इतनी बड़ी संख्या में रिक्त पद होने के बावजूद सरकार किसानों के कल्याण की बात किस आधार पर कर रही है। हमें तुरंत रिक्त पद भरने और किसानों को उचित मूल्य दिलाने की जरूरत है।”

ट्रेड डील के खिलाफ जनमत संवाद

जीतू पटवारी ने बताया कि कांग्रेस प्रदेश भर में ट्रेड डील के खिलाफ जनमत संवाद करेगी। इसके तहत जनता को जानकारी दी जाएगी कि यह डील किसानों के लिए कितना नुकसानदेह साबित हो सकती है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे