home page

जीतू पटवारी का केंद्र सरकार पर हमला, कहा- चुनाव के बाद राहत नहीं, बढ़ती महंगाई से जनता बेहाल

 | 
जीतू पटवारी का केंद्र सरकार पर हमला, कहा- चुनाव के बाद राहत नहीं, बढ़ती महंगाई से जनता बेहाल


भोपाल, 01 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने देश में लगातार बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय किए गए वादों के विपरीत आज आम जनता को राहत नहीं, बल्कि महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है।

जीतू पटवारी ने शुक्रवार काे मीडिया में जारी अपने बयान में कहा कि “बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार” का नारा देने वाली भाजपा सरकार आज महंगाई को चरम पर पहुंचाने में लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि फरवरी से अब तक व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दामों में करीब 1,380 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है, जो लगभग 81 प्रतिशत वृद्धि को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि रसोई गैस और व्यावसायिक गैस दोनों के दाम बढ़ने से गरीब और मध्यम वर्ग का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। केन्द्र सरकार की योजनाओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के जरिए राहत देने के दावे अब महंगे सिलेंडर के बोझ तले दब गए हैं। पटवारी ने कहा कि व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमत तीन हजार रुपये के पार पहुंचने से होटल, ढाबों और छोटे व्यापारियों की लागत बढ़ गई है, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। खाने-पीने की चीजें महंगी हो गई हैं और रोजमर्रा का खर्च तेजी से बढ़ रहा है।

उन्होंने देश में बढ़ती बेरोजगारी और आर्थिक संकट को भी गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और व्यापारिक गतिविधियां कमजोर पड़ रही हैं। पटवारी ने आरोप लगाया कि देश में बढ़ती महंगाई और आर्थिक अव्यवस्था के लिए केंद्र की भाजपा सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आम जनता की आवाज बनकर इन मुद्दों को उठाती रहेगी और राहत दिलाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे