home page

राजगढ़ः जिला स्तरीय सरपंच उन्मुखीकरण एवं प्रषिक्षण सह कार्याशाला आयोजित

 | 
राजगढ़ः जिला स्तरीय सरपंच उन्मुखीकरण एवं प्रषिक्षण सह कार्याशाला आयोजित


राजगढ़, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मोहनपुरा डेम परिसर में गुरुवार को विकसित भारत रोजगार और आजीविका मिशन की गारंटी (ग्रामीण) (वीबी-जी रामजी) के तहत जिला स्तरीय सरपंच उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण सह-कार्यशाला आयोजित की गई।

कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी की उपस्थिति तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गढ़पाले के निर्देशन में आयोजित इस कार्यशाला में जिलेभर के सरपंचों को नए अधिनियम और ग्राम विकास की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गढ़पाले ने कहा कि वीबी-जी रामजी अधिनियम-2025 ग्रामीण रोजगार व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसमें विकास नियोजन, वित्तीय अनुशासन, किसान हित और जनभागीदारी को विशेष महत्व दिया गया है, जिससे विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को गति मिलेगी। प्रशिक्षण सत्र में अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, पंचायत स्तर पर कार्यों के क्रियान्वयन और प्रशासनिक प्रक्रियाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। सरपंचों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और विकास कार्यों में आने वाली चुनौतियां रखीं, जिनका अधिकारियों ने समाधान करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

वरिष्ठ डाटा मैनेजर जितेंद्र पंवार ने भी अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर तकनीकी जानकारी साझा की। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने ग्राम पंचायतों में कानून- व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रत्येक पंचायत में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरपंचों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन एक टीम के रूप में कार्य कर रहा है। कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और जिला पंचायत का उद्देश्य एक ही है-गांवों का समग्र विकास। उन्होंने सरपंचों से पारदर्शिता, ईमानदारी और जनभागीदारी के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक