कार की टक्कर से बाइक सवार मुख्य प्रहरी की मौत, डिवाइडर से टकराने के बाद तोड़ा दम
कटनी, 07 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में कटनी-सिहोरा मार्ग पर सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में जिला जेल के मुख्य प्रहरी राजभान दुबे की मौत हो गई। हादसा निवार चौकी क्षेत्र में पंछी ढाबा के पास हुआ। घटना की जानकारी मिलने के बाद जेल विभाग और पुलिस महकमे में शोक का माहौल है।
कटनी जेल अधीक्षक प्रभात चतुर्वेदी के अनुसार, राजभान दुबे अवकाश पर थे। सोमवार सुबह करीब 10:15 बजे वे मोटरसाइकिल से सिहोरा से कटनी ड्यूटी पर लौट रहे थे। इसी दौरान पंछी ढाबा के पास उनकी मोटरसाइकिल की तेज रफ्तार कार से टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजभान दुबे बाइक से उछलकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराए। हादसे में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल शासकीय जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही निवार चौकी पुलिस और जेल विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिला अस्पताल में शव परीक्षण की कार्रवाई की जा रही है।
निवार चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा ने बताया कि सड़क हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना में शामिल कार और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश चतुर्वेदी

