home page

सागरः सिंधी संस्कृति के रंगों में रंगे नौनिहाल, झूलेलाल जयंती पर सागर में सजी भव्य फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता

 | 
सागरः सिंधी संस्कृति के रंगों में रंगे नौनिहाल, झूलेलाल जयंती पर सागर में सजी भव्य फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता


सागर, 17 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में चैती चंड (झूलेलाल जयंती) के पावन पर्व के उपलक्ष्य में भारतीय सिंधु सभा (महिला शाखा) द्वारा मंगलवार को को एक भव्य फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से न केवल बच्चों की प्रतिभा निखर कर सामने आई, बल्कि उन्होंने अपनी वेशभूषा और संवादों के जरिए समाज को प्रेरक संदेश भी दिए।

प्रतियोगिता में 3 से 12 वर्ष तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कोई भगवान झूलेलाल के स्वरूप में नजर आया, तो किसी ने सिंधी लोक संस्कृति और महापुरुषों का रूप धरकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने के संदेश दिए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सागर विधायक शैलेंद्र जैन उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में न केवल आत्मविश्वास भरते हैं, बल्कि उन्हें अपनी गौरवशाली संस्कृति और नैतिक मूल्यों से भी जोड़ते हैं। सिंधु सभा महिला इकाई का यह प्रयास सराहनीय है।

इस अवसर पर पार्षद रोमा कैलाश हसानी, अनिल लालवानी और कैलाश हसानी विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिंधी समाज की मातृशक्ति और गणमान्य नागरिकों ने शिरकत कर बच्चों का मनोबल बढ़ाया। महिला शाखा के पदाधिकारियों ने बताया कि झूलेलाल जयंती के उपलक्ष्य में हर वर्ष इस तरह के आयोजन किए जाते हैं ताकि नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं का बोध हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे