home page

नव नियुक्त जेडीए अध्यक्ष ने किया पदभार ग्रहण

 | 
नव नियुक्त जेडीए अध्यक्ष ने किया पदभार ग्रहण


जबलपुर, 14 मई (हि.स.)। जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप जैन ने गुरुवार को सिविक सेंटर स्थित जेडीए कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। मां नर्मदा के जयघोष, संतों के आशीर्वाद और शहर के विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी के बीच आयोजित समारोह आत्मीयता और सादगी से भरपूर रहा।

पदभार ग्रहण के बाद संदीप जैन मंच से उतरकर स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और सभी का अभिवादन कर आभार व्यक्त किया। उन्होंने परंपरा से हटकर सार्वजनिक रूप से दस्तखत कर पदभार ग्रहण किया।

इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी नए अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं। समारोह में मौजूद लोगों के बीच शहर के विकास को लेकर सकारात्मक माहौल दिखाई दिया। संदीप जैन ने कहा कि जेडीए केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे शहर का है और विकास के लिए हर व्यक्ति अपने सुझाव दे सकता है।

उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सहयोग से कार्य किया जाएगा। मंत्री राकेश सिंह, महापौर, सांसद और विधायकों के साथ बेहतर तालमेल का लाभ शहर के विकास कार्यों में मिलेगा।

कई वर्षों बाद जेडीए कार्यालय में इतना उत्साह देखने को मिला। सिविक सेंटर स्थित कार्यालय को विशेष रूप से सजाया गया था। कार्यक्रम में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, व्यापारियों, उद्योगपतियों, शिक्षाविदों, कलाकारों, महिलाओं और युवाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

उल्‍लेखनीय है कि संदीप जैन की पहचान सामाजिक और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय नेतृत्वकर्ता के रूप में रही है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में जेडीए शहर के विकास कार्यों को नई गति देगा। पदभार ग्रहण समारोह में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीक, सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह, विधायक अशोक रोहाणी, अजय विश्नोई रत्नेश सोनकर सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक