home page

अशोकनगर: तीन नाबालिगों से दुष्कर्म मामले में भोपाल से जस्सी किन्नर गिरफ्तार

 | 
अशोकनगर: तीन नाबालिगों से दुष्कर्म मामले में भोपाल से जस्सी किन्नर गिरफ्तार


अशोकनगर, 18 अप्रैल (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले को झकझोर देने वाले तीन हिंदू नाबालिग किशोरियों के साथ धर्म परिवर्तन और जबरन निकाह के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को विशेष जांच दल (एसआईटी) ने कार्रवाई करते हुए भोपाल के कमला नगर इलाके से जस्सी नामक किन्नर को गिरफ्तार किया है, हालांकि, मामले के मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

षड्यंत्र का भोपाल कनेक्शन आया सामने:

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस पूरे कांड के पीछे एक संगठित गिरोह (रैकेट) काम कर रहा था। गिरफ्तार आरोपी जस्सी किन्नर पर आरोप है कि उसने ही नाबालिग बच्चियों को बहला-फुसलाकर आरोपियों से मिलवाया था। इतना ही नहीं, जस्सी ने ही उन्हें लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया और जबरन बुर्का पहनाया था।

मुख्य आरोपियों पर 10 हजार का इनाम:

शुक्रवार को एसपी राजीव मिश्रा द्वारा गठित एसआईटी इस मामले की सूक्ष्मता से जांच कर रही है। पुलिस ने फरार आरोपियों पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया है। जस्सी को सीहोर बायपास के पास से हिरासत में लिया गया है और फिलहाल वह पुलिस रिमांड पर है, जहां उससे गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ की जा रही है।

जांच के दायरे में अन्य संदिग्ध:

मामले में एक (नाबालिग) को भी अभिरक्षा में लेकर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। एसआईटी प्रमुख विवेक शर्मा के नेतृत्व में पुलिस की टीमें भोपाल और आसपास के इलाकों में दबिश दे रही हैं। पुलिस का मानना है कि जस्सी की गिरफ्तारी के बाद इस संगठित रैकेट के कई और बड़े चेहरों से नकाब उतर सकता है। बाल संप्रेषण में होने वाला नाबालिग भी मामले में आरोपित बताया गया है, जिसका पुराना आपराधिक रिकार्ड भी बताया जा रहा है। जबकि अन्य आरोपी अब तक पुलिस पकड़ से दूर हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार