home page

राजगढ़ः किसानों को बिजली,खाद-बीज के लिए नही होना चाहिए परेशान-राज्यमंत्री पंवार

 | 
राजगढ़ः किसानों को बिजली,खाद-बीज के लिए नही होना चाहिए परेशान-राज्यमंत्री पंवार


राजगढ़,3 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शनिवार को ब्यावरा विकासखंड के लखनवास में शिविर आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। शिविर में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए गए।

रबी सीजन में बिजली और खाद-बीज की व्यवस्था पर जोर कार्यक्रम में मंत्री पंवार ने कहा कि रबी सीजन शुरू हो रहा है, इसलिए किसानों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए विद्युत विभाग व्यवस्थाएं दुरुस्त रखे। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां ट्रांसफार्मर बदलने की जरूरत है, वहां नियमानुसार 10 प्रतिशत राशि जमा होने पर उसी दिन ट्रांसफार्मर बदलने की कार्रवाई की जाए। कृषि विभाग को पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि नकली खाद या बीज की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। 10 दिन में उप स्वास्थ्य केंद्र में शुरू हो डिलीवरी सुविधा शिविर के बाद मंत्री पंवार ने लखनवास स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए यहां 10 दिन के भीतर डिलीवरी प्वाइंट शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए दूरस्थ स्वास्थ्य संस्थानों में नहीं जाना पड़े, इसके लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को डिलीवरी प्वाइंट के लिए आवश्यक मानव संसाधन, उपकरण और अन्य व्यवस्थाएं समय- सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई करने को कहा। साथ ही कलेक्टर डाॅ मिश्रा ने किसानों से सोयाबीन उपार्जन के लिए 3 से 17 अक्टूबर तक पंजीयन कराने की अपील की। शिविर में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक