सागरः कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई में आए युवक ने गटका जहरीला पदार्थ, सूदखोरों की ब्लैकमेलिंग से था परेशान
सागर, 25 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में मंगलवार को कलेक्ट्रेर कार्यालय में आयोजित नियमित जनसुनवाई के दौरान एक युवक ने प्रशासनिक अधिकारियों के सामने ही ज़हरीला पदार्थ पी लिया। इससे युवक की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल इलाज की व्यवस्था की, फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।
पीड़ित युवक ने अपनी पहचान सागर जिले के गढ़ाकोटा निवासी विजय कुमार के रूप में बताई है। घटना से पहले विजय ने अपनी आपबीती बताते हुए स्थानीय सूदखोरों पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए। विजय का कहना है कि उसने गढ़ाकोटा के ही कुछ लोगों से पैसे उधार लिए थे, जिन्हें वह ब्याज समेत पूरी तरह चुका चुका है। इसके बावजूद आरोपी लगातार उस पर और अधिक पैसे देने का दबाव बना रहे थे और उसे प्रताड़ित कर रहे थे।
जनसुनवाई जैसे संवेदनशील मंच पर इस प्रकार की घटना घटने से जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित का बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गढ़ाकोटा निवासी आरोपी सूदखोरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

