home page

सागर: जनजातीय गौरव सप्ताह में 18 नवंबर तक होंगे प्रदेशभर में आयोजन

 | 
सागर: जनजातीय गौरव सप्ताह में 18 नवंबर तक होंगे प्रदेशभर में आयोजन


सागर, 12 नवंबर (हि.स.)। मप्र के सागर में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में धर्मश्री स्थित संभागीय भाजपा कार्यालय में खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने प्रेस को संबोधित किया। उन्होंने 11 से 18 नवंबर तक मनाए जाने वाले 'जनजातीय गौरव सप्ताह' की रूपरेखा साझा करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के साथ-साथ भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला।

मंत्री गोविंद राजपूत ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के अन्याय और शोषण के खिलाफ समाज को संगठित कर 'उलगुलान आंदोलन' का नेतृत्व किया था। 15 नवंबर 1875 को जन्मे बिरसा मुंडा का संघर्ष जल-जंगल-जमीन के अधिकार और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2021 से प्रतिवर्ष 15 नवंबर को 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाया जा रहा है।

इस वर्ष 151वीं जयंती पर 14 से 16 नवंबर तक तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यक्रम होंगे। वहीं, 15 नवंबर को धार जिले के डही और आलीराजपुर जिले के जोबट में मुख्य आयोजन रखे गए हैं, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जुड़ेंगे। सरकार टंट्या मामा, भीमा नायक और रानी दुर्गावती जैसे महानायकों के योगदान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रमुख भवनों, सड़कों और चौराहों का नामकरण इनके नाम पर किया जा रहा है, साथ ही 89 जनजातीय विकासखंडों के स्कूलों में बच्चों को उनके इतिहास से परिचित कराया जा रहा है।

मंत्री राजपूत ने बताया कि 'राशन आपके द्वार' योजना के तहत 20 जिलों के 89 जनजातीय विकासखंडों के 6,500 से अधिक गांवों में वाहनों के माध्यम से घर-घर राशन पहुँचाया जा रहा है, जिससे 7 लाख से अधिक परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य पर जोर देते हुए उन्होंने एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, सिकल सेल मिशन, वन धन विकास केंद्रों और वन अधिकार पट्टों के वितरण की जानकारी दी। स्व-सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

सुरखी विधानसभा क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहाँ का जनजातीय समाज उनके परिवार का हिस्सा है और बस्तियों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुँचाने के लिए निरंतर काम किया जा रहा है। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, सागर विधायक शैलेन्द्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे