home page

राजगढ़ःजन विश्वास अभियान-454 सीएम हेल्पलाइन शिकायतें बंद

 | 
राजगढ़ःजन विश्वास अभियान-454 सीएम हेल्पलाइन शिकायतें बंद


राजगढ़, 29 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में शनिवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में प्रशासन ने सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी और राजस्व संबंधी प्रकरणों के निराकरण पर फोकस किया।कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने बताया कि अभियान के तहत अब तक 454 शिकायतें बंद कराई गई हैं। उन्होंने अधिकारियों को शेष लंबित शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

शिविर का शुभारंभ सरस्वती पूजन के साथ हुआ। इस दौरान विधायक हजारीलाल दांगी, एसपी अमित तोलानी, जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले, एसडीएम डॉ. ज्योति राजोरे सहित अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में कलेक्टर डाॅ मिश्रा ने कहा कि शिकायतों के निराकरण की स्थिति का असर जिले की रैंकिंग पर पड़ता है। वर्तमान में राजगढ़ जिला 11वें स्थान पर है। अधिकारियों को विभागवार लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कर प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। विधायक ने उठाए संबल और अतिक्रमण के मुद्दे विधायक हजारीलाल दांगी ने संबल योजना के पंजीयन और प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया तेज करने की मांग की। उन्होंने क्षेत्र में अतिक्रमण की शिकायतों की जांच कर कार्रवाई का आग्रह किया।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र में वेटरनरी अस्पताल और वेयरहाउस जैसे विकास कार्य प्रस्तावित हैं, जिसके लिए भूमि उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने मोहनपुरा डैम की नहर व्यवस्था सुधारने की मांग भी रखी। युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रोत्साहित उद्यम संवाद में पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत काम कर रहे युवाओं और स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया गया। कलेक्टर ने कहा कि पीएमएफएमई योजना के तहत जिले में स्थापित नई इकाइयों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत रजत सेठिया को कृषि केंद्र के लिए 8 लाख और मुकेश कारपेंटर को फर्नीचर व्यवसाय के लिए 3 लाख रुपए का ऋण दिया गया। पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत पांच हितग्राहियों को 1-1 लाख रुपए के ऋण प्रदान किए गए। रक्षाबंधन के अवसर पर स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने कलेक्टर और विधायक को राखी बांधी। तिलक कर बहनों ने जनसेवा और सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम में वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृति आदेश, संबल योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता, फूड बास्केट और स्व-सहायता समूहों को ऋण राशि के चेक भी वितरित किए गए। आंगनवाड़ी और छात्रावास का किया निरीक्षण कार्यक्रम के बाद कलेक्टर डॉ. मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ डॉ. गढ़पाले ने ब्यावराकला स्थित अमावता-2 आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। बच्चों की संख्या, उपस्थिति, साफ-सफाई और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। वहीं सीईओ ने छापीहेड़ा स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावास का निरीक्षण कर छात्राओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने उद्यानिकी विभाग की नर्सरी का निरीक्षण कर पौध उत्पादन और रख-रखाव की जानकारी भी ली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक