home page

अमन-चैन और भाईचारे का संदेश देती हुई कर्बला पहुंची जामा कॉम्प्लेक्स वाले बाबा की सवारी

 | 
अमन-चैन और भाईचारे का संदेश देती हुई कर्बला पहुंची जामा कॉम्प्लेक्स वाले बाबा की सवारी


सागर, 26 जून (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सागर शहर में कौमी एकता और सामाजिक सद्भाव की मिसाल पेश करते हुए जामा कॉम्प्लेक्स (तीनबत्ती) वाले बाबा हजरत सैय्यद अहमद मक्की चिश्ती रहमतुल्लाह अलैह की सवारी शुक्रवार को पारंपरिक श्रद्धा और अकीदत के साथ निकाली गई। मुहर्रम के अवसर पर निकली इस सवारी ने शहर में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और मिल-जुलकर रहने का संदेश दिया।

सवारी प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष अशरफ खान ने बताया कि बाबा की सवारी शुक्रवार को असर की नमाज के बाद शनीचरी चौगना स्थित मौनू बाबा के निवास स्थान से प्रारंभ हुई। इसके बाद सवारी शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तिली रोड स्थित कर्बला घाट पहुंची।

सवारी का मार्ग डिप्टी फर्स, झील वोट क्लब, तीन मढ़िया, बस स्टैंड और बकौली तिराहा से होकर गुजरा। पूरे रास्ते बाबा के दीदार और दुआओं के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और अकीदतमंद मौजूद रहे।

कर्बला घाट पहुंचने के बाद मुहर्रम की परंपराओं और धार्मिक रस्मों को पूरी श्रद्धा के साथ पूरा किया गया। इसके बाद बाबा की रुखसती हुई। इस दौरान हर वर्ग के लोगों की मौजूदगी सागर की गंगा-जमुनी तहजीब और साझा संस्कृति को दर्शाती नजर आई।

सवारी के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन के बाद सवारी प्रबंध कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं, नागरिकों, सेवादारों और सहयोग करने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया। साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग का भी धन्यवाद किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे