home page

मंदसौर : जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा का मंदसौर में प्रवेश, जगह-जगह हुआ स्वागत

 | 
मंदसौर : जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा का मंदसौर में प्रवेश, जगह-जगह हुआ स्वागत


मंदसौर, 1 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा द्वारा आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत निकाली गई जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा गुरूवार को मंदसौर जिले में पहुंची। वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर के लिए निकली यात्रा के दोनों दलों ने सीतामऊ क्षेत्र के रुणीजा और दलावदा से जिले में प्रवेश किया। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया गया।

जिले में प्रवेश के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया। ढोल-ढमाकों और आतिशबाजी के बीच स्वागत कार्यक्रम हुए। यात्रा के साथ पहुंचे सेवा यात्रियों का मालवी परंपरा के अनुसार साफा बांधकर और दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया। इस दौरान उन्हें प्राचीन द्वारकाधीश धाम की तस्वीर भी भेंट की गई। यात्रा में शामिल लोगों ने विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण भी किया।

रुणीजा में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में भाजपा राष्ट्रीय किसान मोर्चा के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक चंदरसिंह सिसोदिया, विधायक हरदीपसिंह डंग, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। जिला भाजपा महामंत्री शिवराज सिंह राणा और विजय सुराणा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी यात्रा का स्वागत किया।

इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय किसान मोर्चा अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को केंद्र में रखते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी कार्य किए जा रहे हैं।

सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है।

सेवा संकल्प अभियान के जिला प्रभारी एवं विधायक चंदरसिंह सिसोदिया ने कहा कि अभियान के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

सेवा संकल्प अभियान के तहत यात्रा के सुवासरा पहुंचने पर भी स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां युवा संवाद कार्यक्रम हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों ममता नागदा, कुमकुम देवड़ा और विशाल व्यास ने संवाद में हिस्सा लिया।

यात्रा के प्रभारी और सह-प्रभारी ने युवाओं को यात्रा के उद्देश्य तथा सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित विभिन्न सेवा गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में युवाओं और स्थानीय लोगों ने भागीदारी की।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया