राजगढ़ः जल है तो जीवन है, जल संरक्षण का अभियान लगातार चलेगा-मुख्यमंत्री
राजगढ़, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और प्रकृति का उद्भव भी जल से ही हुआ है। हमारे पूर्वजों ने जल संरक्षण के महत्व को समझते हुए तालाब, बावड़ी और अन्य जल संरचनाओं का निर्माण किया था। आज सभी की जिम्मेदारी है कि इन जल स्रोतों का संरक्षण और संवर्धन करें।
उन्होंने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान का औपचारिक समापन जरूर हो रहा है, लेकिन मध्य प्रदेश में जल संरक्षण का अभियान लगातार जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री जिले के भैंसवा माता क्षेत्र में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान 2.0 के राज्य स्तरीय समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 252 करोड़ 65 लाख रुपए की लागत के 31 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। साथ ही भैंसवा माता क्षेत्र के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 20 करोड़ रुपए सहित कई विकास घोषणाएं भी कीं। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 19 मार्च से लगभग 100 दिनों तक चले जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत प्रदेशभर में 10 हजार 514 करोड़ रुपए की लागत से 3 लाख 63 हजार जल संरक्षण एवं संवर्धन कार्य किए गए। उन्होंने कहा कि इस अभियान को जनभागीदारी का भरपूर सहयोग मिला है। राजगढ़ जिले के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने मध्यप्रदेश के छह सर्वश्रेष्ठ जिलों में राजगढ़ को भी शामिल किया है।
उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि का आधार सिंचाई है और सरकार हर खेत तक पानी पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। गेहूं का समर्थन मूल्य 2625 रुपए किया गया है, किसानों को किसान सम्मान निधि और महिलाओं को लाड़ली बहना योजना का लाभ मिल रहा है। प्रदेश में उत्कृष्ट शिक्षा के लिए सांदीपनि विद्यालय भी स्थापित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत नरसिंहगढ़ विकासखंड के आंदलहेड़ा निवासी किसान रंजीतसिंह कुशवाह को 20 हॉर्सपावर ट्रैक्टर की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी। उन्होंने कहा कि कृषि यंत्रीकरण से खेती की लागत घटेगी, उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी। किसान रंजीत सिंह ने ट्रैक्टर मिलने पर मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे खेती के कार्य आसान और समयबद्ध तरीके से हो सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

