home page

सागर : बड़ी नदी के गहरीकरण एवं सफाई कार्य का विधायक शैलेन्द्र जैन ने किया निरीक्षण

 | 
सागर : बड़ी नदी के गहरीकरण एवं सफाई कार्य का विधायक शैलेन्द्र जैन ने किया निरीक्षण


सागर, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान' के तहत भोपाल रोड स्थित कड़ान नदी (बड़ी नदी) में चल रहे व्यापक गहरीकरण और सफाई कार्य का मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के मौके पर नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, नगर निगम के आला अधिकारी, इंजीनियर फोरम के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय समाजसेवी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान विधायक शैलेन्द्र जैन ने एक बड़ी उपलब्धि साझा करते हुए बताया कि बड़ी नदी में गिरने वाले सीवर के गंदे पानी को अब पूरी तरह और स्थायी रूप से रोक दिया गया है। नगर निगम और इंजीनियर फोरम के संयुक्त व प्रभावी प्रयासों से नदी में बहने वाले गंदे पानी के प्रवाह को बंद कर दिया गया है, जिससे नदी अब पूरी तरह सीवर मुक्त हो चुकी है। सीवर चोक होने की समस्या के स्थायी समाधान के बाद अब नदी के गहरीकरण और तलहटी की सफाई के काम को और अधिक गति दे दी गई है।

विधायक शैलेंद्र जैन ने जल स्रोतों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा जल संरचनाएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं और उनका संरक्षण करना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बड़ी नदी केवल एक जलस्रोत नहीं है, बल्कि यह सागर के शहरवासियों की आस्था का एक प्रमुख केंद्र भी है। गणेशोत्सव और नवरात्रि जैसे बड़े त्योहारों के दौरान यहाँ प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है। इसलिए, इस पवित्र नदी को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हम सभी की सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है।

नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत सागर शहर के सभी प्रमुख जलस्रोतों के संरक्षण, गहरीकरण और जीर्णोद्धार के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। उन्होंने शहर के नागरिकों से भी इस पुनीत कार्य में श्रमदान और सहयोग करने की अपील की।

अभियान के लगातार छठे दिन बड़ी नदी के दोनों ओर बने ब्रिज क्षेत्र से लेकर जंक्शन और रेलवे ब्रिज तक सफाई का काम जारी रहा। नदी की तलहटी में सालों से जमा कचरा और गाद (सिल्ट) निकालने के लिए भारी पोकलेन मशीनों का उपयोग किया जा रहा है।निकाली गई गाद को डंपरों के माध्यम से लगातार शहर से बाहर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है।

इस अभियान को सफल बनाने के लिए सागर के विभिन्न सामाजिक संगठन और व्यवसायी आगे आ रहे हैं। कार्य के दौरान रिछारिया ग्रुप के संचालक प्रमेन्द्र रिछारिया ने इस अभियान के लिए अपनी ओर से आर्थिक सहयोग प्रदान किया। इसके साथ ही सिख समाज सहित शहर के कई अन्य सामाजिक संगठनों ने भी मौके पर पहुंचकर कार्य कर रहे श्रमवीरों और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया और अभियान को अपना पूर्ण समर्थन दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे