home page

(अपडेट) जबलपुरः पत्नी की हत्या के बाद पति बिल्डिंग में लटका मिला, तीन दिन तक मां के शव के साथ घर में रहा मासूम

 | 
(अपडेट) जबलपुरः पत्नी की हत्या के बाद पति बिल्डिंग में लटका मिला, तीन दिन तक मां के शव के साथ घर में रहा मासूम


जबलपुर, 06 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक दर्दनाक पारिवारिक घटना सामने आई है। आधारताल क्षेत्र में शनिवार काे एक महिला का शव उसके किराए के मकान में मिला, जबकि उसके पति का शव शहर के दूसरे हिस्से में स्थित एक खाली क्वार्टर में पाया गया। मामले में सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि दंपती का 8 वर्षीय बेटा करीब तीन दिन तक घर में अपनी मां के शव के साथ अकेला रहा।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 40 वर्षीय मयंक सिंह और उनकी पत्नी नेहा सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की आशंका सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आधारताल थाना पुलिस के मुताबिक, न्यू कंचनपुर स्थित किराए के मकान से तेज दुर्गंध आने की सूचना मकान मालिक ने पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मकान के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा हुआ था। ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर रसोई में नेहा सिंह का शव मिला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। इसके बाद आराेपी पति मयंक सिंह का शव करीब 6 किलोमीटर दूर जीसीएफ (गन कैरिज फैक्ट्री) परिसर के एक खाली क्वार्टर में मिला। पुलिस ने दोनों मामलों को जोड़कर जांच शुरू कर दी है।

घर के अंदर मिला 8 वर्षीय बेटा

तलाशी के दौरान पुलिस को नेहा का 8 वर्षीय बेटा घर के अंदर मिला। बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालकर परिजनों और बाल संरक्षण से जुड़े अधिकारियों की मदद उपलब्ध कराई गई। पुलिस के अनुसार, बच्चे के बयान में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद और झगड़ों का जिक्र सामने आया है। बच्चे ने बताया कि उसके पिता ने मां की हत्या करने के बाद शव काे फंदे पर लटका दिया। हालांकि जांच एजेंसियां बच्चे के बयान सहित सभी साक्ष्यों का परीक्षण कर रही हैं।

दो साल पहले हुई थी दूसरी शादी

जांच में सामने आया है कि नेहा मूल रूप से सिहोरा क्षेत्र की रहने वाली थीं। उनके पहले पति का निधन हो चुका था। करीब दो वर्ष पूर्व उनकी शादी कटनी जिले के विजयराघवगढ़ निवासी मयंक सिंह से हुई थी। शादी के बाद दोनों जबलपुर के न्यू कंचनपुर इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे। मयंक एक निजी चॉकलेट फैक्ट्री में कार्यरत था, जबकि नेहा एक स्पा सेंटर में काम करती थी जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।

घरेलू विवाद की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच तनाव और विवाद की स्थिति बनी हुई थी। अधिकारियों के अनुसार, घरेलू कलह को लेकर कई बार दोनों के बीच कहासुनी और झगड़े होने की जानकारी मिली है। सीएसपी राजेश्वरी कौरव ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य, घटनास्थल से जुटाए गए सबूत और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे