home page

(अपडेट) जबलपुर: ओवरटेक के चक्कर में ट्रैक्टर से टकराकर पलटी बस, 50 यात्री घायल, 6 की हालत नाजुक

 | 
(अपडेट) जबलपुर: ओवरटेक के चक्कर में ट्रैक्टर से टकराकर पलटी बस, 50 यात्री घायल, 6 की हालत नाजुक


जबलपुर, 05 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के कटनी जिले से जबलपुर की ओर आ रही एक तेज रफ्तार यात्री बस मंगलवार सुबह गोसलपुर के समीप हादसे का शिकार हो गई। हादसे के दौरान नेशनल हाईवे-30 पर आगे चल रहे एक गेहूं से भरे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के प्रयास में बस ने उसे पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बस में सवार 50 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से 6 की हालत नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब साढ़े 10 बजे की है। बताया जा रहा है कि बस ने आगे चल रहे गेहूं से भरे ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और बस भी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मोर्चा संभाला और बस के भीतर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। सूचना मिलते ही गोसलपुर और सिहोरा पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया। फिलहाल 18 यात्रियों का इलाज गोसलपुर में और 21 का सिहोरा के सिविल अस्पताल में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल 6 यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

गोसलपुर थाना प्रभारी गाजीवती पुषाम ने बताया कि यह दुर्घटना पूरी तरह से बस चालक की लापरवाही का परिणाम है। तेज गति से वाहन चलाते हुए ट्रैक्टर को गलत तरीके से ओवरटेक करना भारी पड़ा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। सभी घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत