home page

जबलपुर: बरगी बांध का जलस्तर बढ़ा, 5 गेट खोलकर छोड़ा 760 क्यूमेक पानी, तटीय इलाकों में अलर्ट

 | 
जबलपुर: बरगी बांध का जलस्तर बढ़ा, 5 गेट खोलकर छोड़ा 760 क्यूमेक पानी, तटीय इलाकों में अलर्ट


जबलपुर, 03 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में नर्मदा नदी के कैचमेंट एरिया मंडला, डिंडौरी और अमरकंटक में जारी भारी बारिश के कारण जबलपुर का बरगी बांध 93.33 प्रतिशत तक भर गया है। जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए गुरुवार सुबह 11 बजे बांध के 5 गेटों को 1-1 मीटर तक खोलकर 760 क्यूमेक पानी छोड़ा गया, जिससे नर्मदा नदी का जलस्तर 3 से 4 फीट तक बढ़ने की संभावना है।

जबलपुर जिले में हालांकि औसत से कम बारिश दर्ज की गई है, लेकिन ऊपरी क्षेत्रों अमरकंटक, डिंडौरी और मंडला में हो रही लगातार बारिश से बरगी बांध में तेजी से पानी आ रहा है। 2 सितंबर की सुबह तक बांध में 707 क्यूमेक पानी की आवक दर्ज की गई, जिससे इसका जलस्तर बढ़कर 421.85 मीटर तक पहुंच गया। बढ़ते जलभराव और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए बांध प्रबंधन ने गुरुवार सुबह जलद्वारों को खोलने का निर्णय लिया। वर्तमान में 5 गेटों से प्रति सेकंड 760 क्यूमेक पानी की निकासी की जा रही है।

नर्मदा घाटों पर बढ़ा खतरा, प्रशासन ने जारी की चेतावनी

गेट खोले जाने से पहले ही बरगी बांध प्रबंधन और जबलपुर जिला प्रशासन ने नर्मदा नदी के सभी प्रमुख घाटों एवं निचले तटीय इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है। पानी छोड़े जाने के कारण नर्मदा नदी के घाटों पर जलस्तर 3 से 4 फीट तक बढ़ सकता है। प्रशासन ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से नर्मदा घाटों तथा डूब वाले निचले इलाकों से दूर रहने और सतर्कता बरतने की अपील की है। बांध प्रबंधन के अनुसार, यदि ऊपरी इलाकों से पानी की आवक इसी तरह बनी रहती है या बढ़ती है, तो डिस्चार्ज (पानी छोड़ने) की मात्रा में फेरबदल किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत