अनूपपुर: जनसुनवाई में गूंजे जलभराव और मुआवजे के मुद्दे, 41 आवेदनों पर अपर कलेक्टर ने दिए कार्रवाई के निर्देश
अनूपपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में ग्रामीणों ने जलभराव, मुआवजा, रोजगार, भूमि विवाद और नल-जल योजना सहित विभिन्न समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर बलवीर रमन ने कुल 41 आवेदकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
सबसे प्रमुख मामला ग्राम पंचायत देवरी का रहा, जहां उपसरपंच संतोष यादव ने प्राकृतिक नाले पर अवैध अवरोध लगाए जाने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि गांव का शासकीय एवं प्राकृतिक नाला पिछले 25-30 वर्षों से वर्षा जल निकासी का प्रमुख मार्ग रहा है, लेकिन हाल ही में गांव के रामदयाल महरा ने इसे अपनी निजी भूमि बताते हुए बंद कर दिया। ग्रामीणों के समझाने के बावजूद रास्ता नहीं खोला गया, जिससे लगभग 25 एकड़ कृषि भूमि में पानी भर गया है और किसान बुआई नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र नाला नहीं खुलवाया गया तो विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने राजस्व विभाग से मौके पर जांच कर नाले को तत्काल खुलवाने और प्रभावित किसानों को राहत दिलाने की मांग की।
दूसरा महत्वपूर्ण मामला जैतहरी क्षेत्र के ग्राम खैरी (पंचायत कदमसरा) निवासी 50 वर्षीय किसान कमलेश यादव का रहा। उन्होंने बताया कि उनकी पट्टे की आराजी नंबर 478 (क्षेत्रफल एक एकड़), जिस पर उनका कच्चा मकान भी बना है, सिंहपुर डायवर्सन नहर योजना से प्रभावित हुई। विभाग ने उनकी भूमि पर नहर की खुदाई तो कर दी, लेकिन अब तक मुआवजे की राशि का भुगतान नहीं किया गया। किसान ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की।
जनसुनवाई में अन्य आवेदनों में अनूपपुर बस्ती की सीताबाई कहार ने भूमि बंटवारे, अमलाई निवासी कोमल सिंह ने नल-जल योजना की प्रशासकीय स्वीकृति, ग्राम चंदनपुर के राम बिहारी ने स्थायी भृत्य पद पर नियुक्ति के बाद वेतन भुगतान, वेंकटनगर की सुधा केवट ने रोजगार उपलब्ध कराने, धनगवां निवासी उमानाथ ब्राह्मण ने नक्शा तरमीम में सुधार, ग्राम सेमरा भलमूड़ी की भगवती ने आवास सूची से नाम हटाए जाने तथा बिजुरी निवासी रवि कुमार प्रजापति ने आमांडांड खुली खदान के लिए अधिग्रहित भूमि के बदले नीलकंठ कंपनी में स्वरोजगार उपलब्ध कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए।
अपर कलेक्टर बलवीर रमन ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

