home page

त्योहार से पहले मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग का छापा, मावा-छेना और मिल्क केक के नमूने लिए

 | 
त्योहार से पहले मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग का छापा, मावा-छेना और मिल्क केक के नमूने लिए


राजगढ़, 6 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ शहर में मिठाई एवं मावा दुकानों का निरीक्षण शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएस खत्री ने विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच कर मिठाइयों और मावे के नमूने लिए।

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान सब्जी मार्केट स्थित सोंधिया मावा भंडार से मावे का नमूना लिया गया। वहीं पुरोहित मोहल्ला स्थित बंसी मिष्ठान भंडार से छेना और मिल्क केक के नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान मावे का प्राथमिक परीक्षण भी किया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला की रिपोर्ट में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल नमूनों की जांच रिपोर्ट आने तक मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।

साफ-सफाई और लाइसेंस की भी जांच

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकानों में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण और खाद्य अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) की भी जांच की। अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा ग्राहकों को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

खाद्य विभाग के अनुसार त्योहार के दौरान मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए जिलेभर में निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक