home page

शहडोल-उमरिया मार्ग के चारों आरओबी का कार्य दो माह में पूरा करने के निर्देश

 | 
शहडोल-उमरिया मार्ग के चारों आरओबी का कार्य दो माह में पूरा करने के निर्देश


शहडोल, 14 नवंबर (हि.स.)। शहडोल-उमरिया मार्ग के चारों रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का कार्य दो माह में पूरा करने तथा सड़क को आवागमन योग्य बनाने के निर्देश शनिवार को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल की अध्यक्षता में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में दिए।

उन्होंने बताया कि चार आरओबी में से दो में गर्डर डालने का कार्य किया जा चुका है। इसी तरह शहडोल-टेटका मार्ग के निर्माण में भू-अर्जन की प्रक्रिया पूरी करने तथा वन विभाग से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे कराएं, ताकि शासन की योजनाओं और निर्माण कार्यों का लाभ आमजन एवं किसानों को समय पर मिल सके।

7500 हेक्टेयर क्षेत्र में मिलेगी सिंचाई की सुविधा, 110 गांवों में दिसंबर तक पहुंचेगा पेयजल

उन्होंने शहडोल नगर में चल रहे सीवरेज कार्य को दिसंबर माह तक पूरा कराने तथा पेयजल आपूर्ति के लिए स्वीकृत एनीकट का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने को कहा। हिरवार माइक्रो इरीगेशन परियोजना में विद्युत कनेक्शन कराकर रबी की फसल के दौरान किसानों को तीन बार सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस परियोजना से लगभग 7500 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। ब्यौहारी एवं बाणसागर समूह जलप्रदाय योजनाओं के माध्यम से 110 गांवों में दिसंबर माह तक हर घर तक पेयजल पहुंचाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

सिंचाई परियोजनाओं से किसानों की बदलेगी तस्वीर

बन्नी माइक्रो सिंचाई परियोजना तथा तीन एनीकट के निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने कहा कि इन सिंचाई परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले के किसानों की दशा और दिशा में आमूलचूल परिवर्तन होगा। कृषि क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी तथा किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण एवं मरम्मत कार्य शीघ्र पूरे करने के निर्देश

प्रभारी मंत्री ने जिले के जर्जर आंगनवाड़ी केंद्रों एवं विद्यालय भवनों की मरम्मत तथा सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराकर उनका संचालन प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जयसिंहनगर बायपास तथा शहडोल के कोनी के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज के कार्यों की समीक्षा करते हुए इन्हें शीघ्र पूरा कराने को कहा। लोक निर्माण विभाग को जिले की सड़कों के लंबित कार्य प्राथमिकता से पूरे कराने तथा नवीन स्वीकृत कार्यों के टेंडर की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

शहडोल में एयरपोर्ट निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

शहडोल में एयरपोर्ट निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए प्रभारी मंत्री ने निर्धारित शर्तों का पालन कर एयरपोर्ट निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने तथा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

समिति के सदस्यों ने रखे विकास से जुड़े सुझाव

समिति के सदस्य हर्षवर्धन सिंह एवं अधिवक्ता राजेश मिश्रा ने संभाग में अपर आयुक्त न्यायालय तथा राजस्व मंडल के एक सदस्य की बैठक व्यवस्था किए जाने का सुझाव दिया। साथ ही शहडोल रिंग रोड की स्वीकृति दिलाने की मांग रखी गई। बैठक में समिति के सदस्यों ने क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न सुझाव भी प्रस्तुत किए।

बैठक में सांसद, सीधी संसदीय क्षेत्र डॉ राजेश मिश्रा, विधायक जयसिंहनगर मनीषा सिंह, विधायक जैतपुर जयसिंह मरावी, अमिता चपरा, कलेक्टर पार्थ जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत शिवम प्रजापति, वनमंडलाधिकारी तरुणा वर्मा एवं श्रद्धा पेंदे, अपर कलेक्टर मिनिषा पाण्डेय, एसडीएम श्रीमती अमृता गर्ग, नगरपालिका अध्यक्ष शहडोल घनश्याम दास जायसवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष बुढ़ार उमा धुर्वे, जनपद पंचायत अध्यक्ष सोहागपुर हीरावती कोल, कैलाश विश्वनानी, राजेश्वर उदानिया एवं रविन्द्र सिंह गिल सहित अन्य जनप्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी तथा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला