home page

शहडोल : अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर कार्रवाई के लिए विभागीय समन्वय से नियमित जांच के निर्देश

 | 
शहडोल : अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर कार्रवाई के लिए विभागीय समन्वय से नियमित जांच के निर्देश


- कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न

शहडोल, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण की रोकथाम के लिए गठित जिला टास्क फोर्स की बैठक मंगलवार को कलेक्टर पार्थ जायसवाल की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभागार में सम्पन्न हुई। जिसमें अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर नियमित जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में ई-चेक गेट के माध्यम से प्राप्त होने वाली जानकारी एवं संदिग्ध खनिज परिवहन के मामलों पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने खनिज विभाग को निर्देशित किया कि ई-चेक गेट से प्राप्त सूचनाएं नियमित रूप से पुलिस एवं परिवहन विभाग को उपलब्ध कराई जाएं। खनिज परिवहन में लगे वाहनों की ई-टीपी, वाहन क्रमांक एवं परिवहन दस्तावेजों का सत्यापन किया जाए तथा अनियमितता पाए जाने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

सोन घड़ियाल अभ्यारण्य क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बुडवा, सथनी, सुखाड़ सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण की रोकथाम के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित क्षेत्रों में पुलिस, वन एवं खनिज विभाग को संयुक्त कार्ययोजना तैयार कर कार्रवाई करने तथा सूचना तंत्र को मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए। बिना नंबर प्लेट, विकृत नंबर प्लेट एवं फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। खनिज विभाग को ऐसे वाहनों से संबंधित जानकारी परिवहन विभाग को उपलब्ध कराने तथा परिवहन विभाग को मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने के लिए कहा गया।

इसके साथ ही पूर्व में जारी आरआरसी प्रकरणों की समीक्षा की गई। लंबित वसूली प्रकरणों में शीघ्र कार्रवाई करते हुए भू-राजस्व बकाया की भांति वसूली सुनिश्चित करने तथा प्रकरणवार प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक, वनमण्डलाधिकारी उत्तर एवं दक्षिण वनमण्डल, संजय टाइगर रिजर्व (सोन घड़ियाल) के अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि, जिला परिवहन अधिकारी, खनिज विभाग के अधिकारी एवं खनि निरीक्षक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला