home page

अनूपपुर: कलेक्टर का औचक निरीक्षण शैक्षणिक गुणवत्ता और बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को लेकर शिक्षकों को दिये निर्देश

 | 
अनूपपुर: कलेक्टर का औचक निरीक्षण शैक्षणिक गुणवत्ता और बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को लेकर शिक्षकों को दिये निर्देश


अनूपपुर: कलेक्टर का औचक निरीक्षण शैक्षणिक गुणवत्ता और बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को लेकर शिक्षकों को दिये निर्देश


अनूपपुर: कलेक्टर का औचक निरीक्षण शैक्षणिक गुणवत्ता और बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को लेकर शिक्षकों को दिये निर्देश


अनूपपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में शिक्षा व्यवस्था और स्कूलों में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को कलेक्टर रत्नाकर झा ने शासकीय बालिका हाई स्कूल कोतमा और शासकीय हाई स्कूल बैहाटोला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई, उपस्थिति, शैक्षणिक गुणवत्ता और बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को लेकर शिक्षकों को निर्देश दिए।

कलेक्टर ने शासकीय बालिका हाई स्कूल कोतमा का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी प्रयोगशालाओं के नए भवनों के निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षाओं में जाकर छात्राओं से पढ़ाई के संबंध में बातचीत की। शिक्षकों को छात्राओं की नियमित उपस्थिति और शैक्षणिक गतिविधियों में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही, छात्राओं के शारीरिक विकास के लिए विद्यालय के खेल मैदान को बेहतर बनाने पर जोर दिया।

हाई स्कूल बैहाटोला में पढ़ाई-लिखाई का आकलन किया

कलेक्टर ने शासकीय हाई स्कूल बैहाटोला का निरीक्षण किया। कक्षा में उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ्यपुस्तक पढ़वाकर उनके पठन कौशल और अध्ययन स्तर का आकलन किया। उन्होंने शिक्षकों को शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने और पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षा की तैयारी की समीक्षा करते हुए शिक्षकों को पिछले 10 वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास कराने के निर्देश दिए। अंग्रेजी विषय की तैयारी पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कठिन शब्दों और व्याकरण का नियमित अभ्यास कराने को कहा, ताकि विद्यार्थियों की समझ और परीक्षा की तैयारी बेहतर हो सके।

कलेक्टर ने शिक्षकों और अधिकारियों से कहा कि स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों की प्रगति पर लगातार निगरानी रखनेकी बात कहीं। निरीक्षण के दौरान कोतमा के राजस्व अधिकारी टीआर नाग, नायब तहसीलदार, विभिन्न निर्माण विभागों के अधिकारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

निर्माणाधीन जनपद पंचायत भवन बदरा का निरीक्षण

कलेक्टर ने निर्माणाधीन जनपद पंचायत भवन अनूपपुर (बदरा) का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन निर्माण की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति, कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा के संबंध में जानकारी प्राप्त कर कहा कि शासकीय भवनों का निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा तकनीकी मानकों का पालन करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपादित करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला