home page

राजगढ़ः हाइवे पर टायर फटते ही पलटी सब्जियों से भरी पिकअप, दो युवक घायल

 | 
राजगढ़ः हाइवे पर टायर फटते ही पलटी सब्जियों से भरी पिकअप, दो युवक घायल


राजगढ़,12 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। नायरा होटल के समीप सब्जियों से भरी एक पिकअप का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में पिकअप में सवार दो युवक घायल हो गए, जबकि वाहन में भरी सब्जियां सड़क पर बिखर गईं। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन क्रमांक एमपी-39-जीए-4285 जीरापुर सब्जी मंडी से सब्जियां लेकर राजगढ़ आ रहा था। राजगढ़ से कुछ दूरी पहले स्थित नायरा होटल के पास अचानक वाहन का टायर फट गया। तेज रफ्तार में होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप पलट गई। हादसे में कमलसिंह (30) पुत्र शिवसिंह तंवर निवासी भैनपुरी और आदेश (18) पुत्र ईश्वरसिंह घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद कमलसिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रेफर कर दिया। घटना के दौरान सड़क पर सब्जियां बिखरने से यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक