home page

राजगढ़ः पशु चिकित्सा एम्बुलेंस और कार की आमने-सामने भिड़ंत, तीन घायल

 | 
राजगढ़ः पशु चिकित्सा एम्बुलेंस और कार की आमने-सामने भिड़ंत, तीन घायल


राजगढ़, 19 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में ब्यावरा-सुठालिया रोड पर ग्राम सिलपटी जोड़ के पास शुक्रवार दोपहर पशु चिकित्सा एम्बुलेंस और स्विफ्ट डिजायर कार की टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार युवक समेत तीन लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार ब्यावरा-सुठालिया रोड स्थित ग्राम सिलपटी जोड़ के समीप पशु चिकित्सा एम्बुलेंस क्रमांक एमपी-02 जेए-0225 और स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक एमपी-13 सीडी-4943 की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए और वाहन सड़क पर पलट गए। हादसे में कार सवार खुरई (सागर) निवासी पंकज(40) पुत्र नन्नेसिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं एम्बुलेंस में सवार बाबल्दा निवासी धर्मेंद्र(28) पुत्र तुलसीराम वर्मा और सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारी मनीष (42) पुत्र ओमप्रकाश चंद्रवंशी निवासी जामुनियागणेश, थाना कुरावर को भी चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने पंकज की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भोपाल रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का स्थानीय स्तर पर उपचार किया गया। हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। ब्यावरा शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक