home page

राजगढ़ः हाईवे पर खड़ी यात्री बस में ट्रक ने मारी टक्कर, आठ यात्री घायल

 | 
राजगढ़ः हाईवे पर खड़ी यात्री बस में ट्रक ने मारी टक्कर, आठ यात्री घायल


राजगढ़, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर ग्राम तलेनी जोड़ के समीप रविवार सुबह सड़क किनारे खड़ी यात्री बस में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार सात यात्री घायल हो गए, जबकि ट्रक चालक को भी चोटें आई हैं। घायलों में पांच को गंभीर चोटें लगी हैं। एक घायल को प्राथमिक उपचार के बाद शाजापुर रेफर किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, इंदौर से चंदेरी जा रही कमला ट्रेवल्स की बस क्रमांक यूपी 78 सीटी 5631 तलेनी जोड़ के पास सड़क किनारे खड़ी थी। बस से कुछ यात्री बाथरूम जाने के लिए नीचे उतरे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक यूपी 32 क्यूएन 3488 ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का पिछला हिस्सा और ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में देवेंद्र (17) पुत्र राजू केवट निवासी बजरंगगढ़, जिला गुना, महक पुत्री जितेंद्र वंशकार, पिंकी पुत्री रामसेवक, राधिका (16) पुत्री गोपाल वंशकार, जितेंद्र (42) पुत्र हरिसिंह रघुवंशी, सोनू (36) पुत्र हरिसिंह रघुवंशी, गंगाराम पुत्र रघुवीरसिंह और ट्रक चालक रवि पुत्र जगनारायण निवासी लखनऊ घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार कराया गया। इनमें पांच यात्रियों को गंभीर चोटें आने की जानकारी है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस सड़क किनारे खड़ी थी और यात्री नीचे उतरे हुए थे, तभी ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक