राजगढ़ः तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, आठ लोग घायल,एक बच्ची भोपाल रेफर
राजगढ़, 22 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भोजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बारोल जोड़ के पास शनिवार देर रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित आठ लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पहुंची एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को खिलचीपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां सात वर्षीय बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आगे उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया। पुलिस ने रविवार को चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।
पुलिस के अनुसार, बीती रात ग्राम बरखेड़ा के 20-25 ग्रामीण राजगढ़ में लग रहे उर्स मेले में शामिल होने ट्रॉली से जा रहे थे। रास्ते में बारोल जोड़ के पास ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में किरण तंवर (7), सीमाबाई तंवर (15), पूजा तंवर (14), कान्हा तंवर (9), कविता तंवर (20), सम्पतबाई (60),लखन तंवर (18) और देवीसिंह (32) निवासी बरखेड़ा घायल हुए। हादसे में किरण तंवर का हाथ बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया,जबकि सीमाबाई के सिर में और पूजा तंवर के मुंह व जबड़े में गंभीर चोटें आई,अन्य घायलों का सिविल अस्पताल में उपचार जारी है।
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रैक्टर चालक बजेसिंह तंवर शराब के नशे में तेज गति से वाहन चला रहा था। सवारों ने कई बार धीमे चलाने को कहा,लेकिन उसने अनसुना कर दिया, जिसके चलते ट्रॉली पलट गई।पुलिस ने चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

