home page

इंदौर : टैंकर की टक्कर से महिला की मौत, बेटा घायल, ड्यूटी पर छोड़ने जा रहा था

 | 
इंदौर : टैंकर की टक्कर से महिला की मौत, बेटा घायल, ड्यूटी पर छोड़ने जा रहा था


इंदौर, 10 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के तिलक नगर थाना क्षेत्र स्थित बंगाली कॉलोनी में रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने टैंकर जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, अर्चना (40) अपने बेटे गणेश के साथ बाइक से ड्यूटी पर जा रही थीं। इसी दौरान नगर निगम से अटैच एक तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि अर्चना सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गणेश घायल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने टैंकर को रोक लिया, लेकिन चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और टैंकर को जब्त कर लिया। घायल गणेश ने बताया कि सामने से आ रहा टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया और ब्रेक नहीं लगने के कारण बाइक को टक्कर मार दी।

अस्पताल में काम करती थीं अर्चना

जानकारी के अनुसार, अर्चना शंकुतला अस्पताल में कार्यरत थीं। उनके पति मजदूरी करते हैं। परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। अर्चना की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार टैंकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे