इंदौर: सफाई के दौरान दूसरी मंजिल से गिरी महिला की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
इंदौर, 22 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर के लसूड़िया क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 36 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला एक बंगले में सफाई का काम करने गई थी, जहां दूसरी मंजिल से गिरने के कारण उसकी जान चली गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना निपानिया इलाके की है। महिला घरेलू कामकाज कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती थी। रविवार को वह रोज की तरह काम पर गई थी, लेकिन काम के दौरान ही यह हादसा हो गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि महिला दूसरी मंजिल पर पोछा लगा रही थी, तभी संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गई। गिरने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई, जो उसकी मौत का कारण बनी।
परिजनों ने जताया संदेह
घटना के बाद परिजनों ने महिला की मौत पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। उनका कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जानी चाहिए। महिला अपने पीछे तीन छोटे बच्चों और पति को छोड़ गई है। उसका पति एक नर्सरी में काम करता है। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है और बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया गया। फिलहाल पुलिस हादसा और लापरवाही दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

