home page

इंदौर में जलसंकट की आशंका के बीच फूटी नर्मदा की पाइपलाइन, हजारों लीटर पानी सड़क पर बहा

 | 
इंदौर में जलसंकट की आशंका के बीच फूटी नर्मदा की पाइपलाइन, हजारों लीटर पानी सड़क पर बहा


इंदौर, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर में जलसंकट की आशंका के बीच नगर निगम लोगों से पानी की एक-एक बूंद बचाने की अपील कर रहा है। पानी की बर्बादी करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की जा रही है, लेकिन दूसरी ओर निगम की पाइपलाइनों से ही हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। सोमवार सुबह गांधीनगर क्षेत्र में नर्मदा की पाइपलाइन अचानक फूट गई। तेज प्रेशर से पानी निकलने के कारण सड़क पर देखते ही देखते जलभराव हो गया और बड़ी मात्रा में पानी बहकर बर्बाद हो गया।

यह घटना वार्ड क्रमांक 15 की है। गांधीनगर क्षेत्र में करीब एक साल पहले ही नर्मदा की नई पाइपलाइन डाली गई थी। सोमवार सुबह अचानक पाइपलाइन में दबाव बढ़ने से वह फूट गई और पानी तेजी से सड़क पर फैलने लगा। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, इस लाइन में पहले भी लीकेज की शिकायत सामने आई थी। उस समय मरम्मत कराई गई थी, लेकिन अब दोबारा पाइपलाइन फूटने से लाइन की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पाइपलाइन फूटने और पानी बहने की सूचना मिलने के बाद नगर निगम के अधिकारी और संबंधित अमला मौके पर पहुंचा। पानी की बर्बादी रोकने के लिए लाइन को दुरुस्त करने का काम शुरू कराया गया। अधिकारियों की निगरानी में लीकेज ठीक करने की कार्रवाई की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे