home page

इंदौर में फूटी कोठी ब्रिज के नीचे सब्जी मंडी लगाने की मांग, विक्रेताओं के साथ कांग्रेस ने घेरा निगम मुख्यालय

 | 
इंदौर में फूटी कोठी ब्रिज के नीचे सब्जी मंडी लगाने की मांग, विक्रेताओं के साथ कांग्रेस ने घेरा निगम मुख्यालय


इंदौर, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर में फूटी कोठी चौराहे के पास संचालित सब्जी मंडी हटाए जाने के विरोध में सोमवार को सब्जी विक्रेताओं ने कांग्रेस नेताओं के साथ नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने निगम मुख्यालय के गेट पर नारेबाजी करते हुए फूटी कोठी ब्रिज के नीचे ही सब्जी मंडी लगाने के लिए जगह उपलब्ध कराने की मांग की। इस संबंध में निगम अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा गया।

सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि वे लंबे समय से इसी स्थान पर कारोबार कर अपने परिवारों का भरण-पोषण कर रहे हैं। नगर निगम ने मंडी हटाने के बाद उन्हें ब्रिज के नीचे की जगह के बजाय आगे दूसरी जगह दुकानें लगाने का विकल्प दिया है, लेकिन विक्रेता इसे स्वीकार नहीं कर रहे हैं। उनका तर्क है कि स्थान बदलने से ग्राहकों की आवाजाही और कारोबार प्रभावित होगा।

शनिवार को हटाई गई थी मंडी

दरअसल, शनिवार को नगर निगम के रिमूवल अमले ने फूटी कोठी चौराहे के पास वर्षों से संचालित सब्जी मंडी को हटाने की कार्रवाई की थी। इस दौरान नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने कार्रवाई का विरोध किया था। इसके बाद शाम को कांग्रेस नेताओं और सब्जी विक्रेताओं ने मौके पर हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध जताया। रविवार को भी कांग्रेस नेताओं ने निगम की गाड़ी के सामने साष्टांग दंडवत कर प्रदर्शन किया था। सोमवार को विरोध प्रदर्शन को निगम मुख्यालय तक ले जाया गया।

महापौर पर वादे पूरे नहीं करने का आरोप

सोमवार शाम को शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट सहित कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता सब्जी विक्रेताओं के साथ निगम मुख्यालय पहुंचे। चौकसे ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि महापौर शहर की स्वच्छता रैंकिंग, सफाई मित्रों के नियमितीकरण और फूटी कोठी के सब्जी विक्रेताओं को जगह देने जैसे मुद्दों पर किए गए वादे पूरे नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर में अन्य स्थानों पर ब्रिज के नीचे सब्जी मंडियां संचालित हो रही हैं, तो फूटी कोठी के विक्रेताओं को भी वहां कारोबार करने की अनुमति मिलनी चाहिए।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटूचौकसे ने कलेक्टर और संभागायुक्त से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए कहा कि इस मंडी से करीब 450 परिवारों की आजीविका जुड़ी है। ऐसे में उनकी रोजी-रोटी को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाना चाहिए। उन्होंने मंगलवार सुबह फूटी कोठी चौराहे के पास ही सब्जी मंडी लगाने की बात भी कही।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चौकसे के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी कांग्रेस नेताओं से सब्जी विक्रेताओं की मदद करने और उन्हें न्याय मिलने तक उनके साथ खड़े रहने को कहा है। फिलहाल विक्रेता ब्रिज के नीचे ही मंडी लगाने की मांग पर अड़े हैं। ऐसे में नगर निगम और सब्जी विक्रेताओं के बीच स्थान को लेकर विवाद आगे भी जारी रहने के आसार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे