home page

इंदौर में प्रॉपर्टी के लिए बेटे ने पिता और बहन की हत्या की, पिता का पंजा काटकर 10 किमी दूर फेंका शव

 | 
इंदौर में प्रॉपर्टी के लिए बेटे ने पिता और बहन की हत्या की, पिता का पंजा काटकर 10 किमी दूर फेंका शव


इंदौर, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौरशहर में संपत्ति विवाद को लेकर दोहरे हत्याकांड का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि नाबालिग बेटे ने अपने साथी के साथ मिलकर पिता और बहन की हत्या कर दी। वारदात के बाद पिता के शव को चादर में लपेटकर करीब 10 किलोमीटर दूर हातोद थाना क्षेत्र के जंबूड़ी हप्सी में फेंक दिया गया। शव का बायां पंजा भी कटा हुआ मिला। वहीं, बहन का शव एरोड्रम थाना क्षेत्र के कालानी नगर स्थित किराए के मकान के बेडरूम में मिला। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर एक नाबालिग साथी को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी हर्ष फरार है।

शुक्रवार शाम करीब 7 बजे कालानी नगर स्थित मकान में हर्षिता यादव (20) का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मकान बंद होने पर रहवासियों को संदेह हुआ। उन्होंने मकान मालिक को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मकान की तलाशी लेने पर बेडरूम में हर्षिता का शव मिला। शुरुआती जांच में सामने आया कि दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या की गई थी। शव करीब एक दिन पुराना बताया गया। पुलिस ने हर्षिता के पिता राजू यादव (50) और भाई हर्ष यादव के बारे में जानकारी जुटाई तो दोनों नहीं मिले। इसी दौरान पुलिस को पिता राजू के शव मिलने की सूचना मिली।

कचरे में चादर से लिपटा मिला पिता का शव

शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे हातोद थाना क्षेत्र में बड़ी कलमेर और माली बड़ोदिया के बीच पुलिया के पास कचरे में चादर से लिपटे पैर दिखाई दिए। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और चादर में लिपटा शव बरामद किया। मृतक की पहचान राजू यादव के रूप में हुई। उनके शरीर पर चोट के निशान थे और बाएं हाथ का पंजा कटा हुआ था। पुलिस के मुताबिक, राजू की हत्या के बाद शव को सुनसान इलाके में ठिकाने लगाया गया था।

प्रॉपर्टी के दस्तावेज और रकम को लेकर था विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की वजह संपत्ति विवाद सामने आया है। परिवार मूल रूप से तंबोली बाखल का रहने वाला है। यहां स्थित करीब 60 लाख रुपए की संपत्ति को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि राजू ने मकान का सौदा किया था और बिक्री की रकम के साथ संपत्ति के दस्तावेज हर्षिता के पास रखे थे। हर्ष इन दस्तावेजों और रकम को अपने कब्जे में लेना चाहता था। इसी को लेकर पिता और बहन से उसका विवाद होता था।

सीसीटीवी फुटेज से साथी तक पहुंची पुलिस

डीसीपी जोन-1 नरेंद्र सिंह रावत के मुताबिक, पुलिस ने दोनों हत्याओं की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के आधार पर हर्ष के एक साथी अमन को पकड़ा है। जांच में सामने आया कि वह सवारी बनकर राजू के ऑटो में बैठा था और उन्हें जंबूड़ी हप्सी की ओर ले गया था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। मुख्य आरोपी हर्ष की तलाश में टीमें जुटी हैं।

एक साल से किराए के मकान में रह रहे थे पिता-बेटी

पुलिस के अनुसार, राजू यादव ऑटो रिक्शा चलाते थे। उनका बेटा हर्ष भी ऑटो चलाता था। हर्षिता की मां का पहले ही निधन हो चुका था। राजू और हर्षिता करीब एक साल से कालानी नगर में किराए के मकान में रह रहे थे, जबकि हर्ष उनसे अलग रहता था। फिलहाल पुलिस संपत्ति विवाद, हत्या की पूरी साजिश और दोनों वारदातों में आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे