home page

इंदौर के सरवटे बस स्टैंड के होटल की छत पर लगी आग, टॉवर और शेड जलकर खाक, बड़ा हादसा टला

 | 
इंदौर के सरवटे बस स्टैंड के होटल की छत पर लगी आग, टॉवर और शेड जलकर खाक, बड़ा हादसा टला


इंदौर, 04 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में सरवटे बस स्टैंड क्षेत्र स्थित एक होटल की छत पर गुरुवार सुबह अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन छत पर लगा शेड, मोबाइल टॉवर और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया।

फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब 9 बजे छोटी ग्वालटोली स्थित वैष्णो होटल की छत पर आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आग होटल की छत पर बने टॉवर एरिया में लगी थी। आग की चपेट में आने से वहां लगा शेड, मोबाइल कंपनी का टॉवर और पुराना सामान पूरी तरह जल गया। आग बुझाने के लिए दमकल कर्मियों को करीब 2 हजार लीटर पानी का उपयोग करना पड़ा। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आग होटल के अन्य हिस्सों तक नहीं फैल सकी और एक बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। फायर ब्रिगेड और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। होटल का संचालन महेश शर्मा द्वारा किए जाने की जानकारी सामने आई है।

एक दिन पहले लकड़ी गोदाम में भी लगी थी आग

गौरतलब है कि बुधवार रात शहर के लकड़ी पीठा क्षेत्र स्थित एक लकड़ी गोदाम में भी आग लगने की घटना हुई थी। लकड़ी होने के कारण आग तेजी से फैल गई थी, जिसे बुझाने के लिए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान करीब 30 हजार लीटर पानी का इस्तेमाल किया गया था। गोदाम में लगी आग के कारणों की भी जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे