इंदौर में बेकाबू इनोवा ने 5 को लोगों को रौंदा, 200 फीट तक घसीटा, एक बुजुर्ग की हालत गंभीर
इंदौर, 26 अगस्त (हि.स.) । मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के राऊ इलाके में स्थित श्रमिक कॉलोनी के पास बुधवार दोपहर एक अनियंत्रित तेज रफ्तार इनोवा ने चार दोपहिया वाहनों और एक ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से एक बुजुर्ग की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने अपनी एफआरवी की मदद से घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र में श्रमिक कॉलोनी के पास बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। राऊ की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार इनोवा कार के ड्राइवर ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और एक के बाद एक चार दोपहिया वाहनों व एक ट्रैक्टर को रौंद दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार घायलों को सड़क पर करीब 200 फीट तक घसीटते हुए आगे ले गई।
चश्मदीद विजेंद्र सिंह ने बताया कि इनोवा करीब 80 से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में थी। कार ने सबसे पहले पीछे से एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद घबराए ड्राइवर ने वाहन को आगे भगाने की कोशिश की, जिससे कार ने दो अन्य बाइक, एक एक्टिवा और अंत में सामने आ रहे एक ट्रैक्टर को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रैक्टर सड़क के दूसरी तरफ जाकर पलट गया।
घायल ट्रैक्टर चालक राजपाल सिंह के मुताबिक, वे अपने रास्ते से जा रहे थे तभी अचानक सामने से आई इनोवा ने दोपहिया वाहनों को उड़ाते हुए उनके ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में राजपाल सिंह, भगत सिंह, पवन, मुस्तफा और एक अन्य व्यक्ति सहित कुल पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ एक बुजुर्ग की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलने पर एसीपी निधि सक्सेना पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल पर एंबुलेंस के उपलब्ध न होने के कारण पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एफआरवी वाहन के जरिए ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया। राऊ थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त इनोवा कार को जब्त कर लिया है और आरोपी ड्राइवर अमन को हिरासत में लेकर थाने ले आई है, जहां मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

