इंदौरः सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को रफ्तार, कलेक्टर ने किया इंदौर-खंडवा नेशनल हाईवे का निरीक्षण
इंदौर, 13 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में आगामी सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए इंदौर-खंडवा नेशनल हाईवे (एनएच-347बीजी) के निर्माण कार्यों को गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर शिवम वर्मा ने बुधवार को विस्तृत स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर वर्मा ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सिंहस्थ 2028 की दृष्टि से इस परियोजना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तेजी से कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुगम और सुरक्षित बनाई जा सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में आने वाली किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर किया जाए तथा एनएचएआई को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, जिससे परियोजना निर्धारित समय में पूर्ण हो सके।
इस अवसर पर एनएचएआई इंदौर के प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रवीण यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि इंदौर-खंडवा नेशनल हाईवे परियोजना का संपूर्ण कार्य दिसंबर 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि भेरूघाट बायपास का निर्माण कार्य जुलाई 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके पूर्ण होने से घाट क्षेत्र में लगने वाले ट्रैफिक जाम से आमजन को बड़ी राहत मिलेगी। निरीक्षण के दौरान एनएचएआई के तकनीकी अधिकारी एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ राजस्व अधिकारी भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

