home page

इंदौर में निगम का डबल एक्शन, बगीचे की जमीन से हटाया अतिक्रमण, जर्जर मकान का हिस्सा भी ढहाया

 | 
इंदौर में निगम का डबल एक्शन, बगीचे की जमीन से हटाया अतिक्रमण, जर्जर मकान का हिस्सा भी ढहाया


इंदौर, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में अतिक्रमण और जर्जर भवनों के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को निगम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए एक ओर निगम की बगीचे की जमीन से अवैध कब्जा हटाया, वहीं दूसरी ओर लोगों की सुरक्षा को देखते हुए एक जर्जर मकान के ऊपरी हिस्से को ढहा दिया।

नगर निगम का अमला मंगलवार सुबह जोन क्रमांक-16 के छोटा बांगड़दा क्षेत्र पहुंचा। यहां नगर निगम के उद्यान की जमीन पर अवैध निर्माण कर कब्जा किए जाने की शिकायत मिली थी। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद निगम ने पुलिस बल और जेसीबी मशीनों की मदद से कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया। रिमूवल अधिकारी अंकेश बिरथरिया ने बताया कि निगम की जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को नियमानुसार हटाया गया है और सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया।

जर्जर मकान का ऊपरी हिस्सा हटाया

इसके बाद निगम की टीम छोटी ग्वालटोली क्षेत्र पहुंची, जहां एक मकान का ऊपरी हिस्सा अत्यधिक जर्जर हो चुका था। हादसे की आशंका को देखते हुए निगम ने मकान की ऊपरी मंजिल पर बने दो कमरों और छज्जे को मैन्युअल तरीके से हटाया। कार्रवाई से पहले सुरक्षा के मद्देनजर नीचे संचालित दुकानों को अस्थायी रूप से बंद करा दिया गया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।

बारिश से पहले निगम का अभियान जारी

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, दोनों स्थानों पर कार्रवाई शांतिपूर्ण रही और किसी तरह का विरोध नहीं हुआ। निगम का कहना है कि मानसून के दौरान संभावित हादसों को रोकने के लिए जर्जर भवनों की पहचान कर उन्हें हटाने और सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे