इंदौर: नगर निगम का 8455 करोड़ का बजट पेश, कोई नया टैक्स नहीं, विकास पर फोकस
इंदौर, 07 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में मंगलवार को नगर निगम का 8 हजार 455 करोड़ रुपये बजट पेश किया गया। इस बार बजट में शहरवासियों पर नए करों का बोझ नहीं डाला गया है, लेकिन कोई बड़ी घोषणा भी नहीं की गईं। भाजपा की नगर निगम का जोर पुराने प्रोजेक्टों, सफाई व्यवस्था और मास्टर प्लान की 29 सड़कों पर है। बजट में इसके लिए सबसे ज्यादा राशि रखी गई।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बजट भाषण में कहा कि कोई नया टैक्स नहीं लगाया गया है और न ही पुराने कर की दरों में इजाफा किया गया है। उन्होंने कहा कि भागीरथपुरा में दूषित पेयजल कांड को लेकर हमें दुख है, लेकिन अब वहां नई लाइन बिछ गई है। निगम ने फैसला लिया है कि भागीरथपुरा में मृतकों के परिवार के एक सदस्य को आउटसोर्स के माध्यम से नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि निगम ने पेयजल, सड़क, पर्यावरण और सफाई के लिए बजट में पर्याप्त राशि का प्रावधान किया है।
भागीरथपुरा दूषित पेयजल कांड से सबक लेकर शहर में पानी की जांच के लिए लैब शुरू करने की योजना निगम ने बनाई है, जिसकी घोषणा बजट में की गई। इसके अलावा नर्मदा के चतुर्थ चरण और मास्टर प्लान की 29 सड़कों के निर्माण के लिए बजट में बड़ी राशि रखी गई। 29 गांवों में नर्मदा जल आपूर्ति और सीवरेज लाइन बिछाने के लिए भी पर्याप्त बजट का प्रावधान किया गया।
महापौर भार्गव ने कहा कि हमारे निगम ने आने वाले 25 वर्षों के हिसाब से काम किया है। नर्मदा के चौथे चरण के अलावा सीवरेज का नेटवर्क हमने बढ़ाया है। मास्टर प्लान की 23 सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है। इसका फायदा भविष्य में शहर की जनता को मिलेगा।
नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि शहर में मूलभूत सुविधाएं भी भाजपा की निगम नहीं दे पाई। नर्मदा के चौथे चरण की प्लानिंग की जा रही है, लेकिन शहर को साफ पानी तक नहीं मिल पा रहा है।
इंदौर नगर निगम के बजट का बड़ा हिस्सा पानी से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर है। इनमें नर्मदा परियोजना का चौथा चरण, नई पाइपलाइन बिछाना, पुरानी पाइपलाइन बदलना, हर वार्ड में पानी टेस्टिंग लैब बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अमृत-2 और अन्य योजनाओं के तहत 1500 करोड़ रुपए से ज्यादा के काम किये जाएंगे। इनमें पानी की टंकियां, सीवरेज सिस्टम और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट किया जाएगा। महापौर ने 130 पेज के बजट के प्रमुख अंश पढ़े। बुधवार को इस बजट पर चर्चा और बहस होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

