इंदौर: भागीरथपुरा में निगम कमिश्नर ने किया सीवरेज, रोड और नर्मदा लाइन का निरीक्षण, काम की धीमी रफ्तार पर लगाई फटकार
निगम कमिश्नर बोले- क्वालिटी में समझौता बर्दाश्त नहीं
इंदौर, 04 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के भागीरथपुरा में हुए 'जलकांड' के बाद नगर निगम अब किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। सोमवार को निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल खुद मोर्चे पर उतरे और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने के लिए भागीरथपुरा का तूफानी दौरा किया। निरीक्षण के दौरान काम की कछुआ चाल देख कमिश्नर का पारा चढ़ गया और उन्होंने निर्माण एजेंसी को जमकर फटकार लगाते हुए काम में तेजी लाने के सख्त आदेश दिए।
लापरवाही पर भड़के कमिश्नर, दिया अल्टीमेटम
भागीरथपुरा में सीवरेज लाइन, नई सड़कों के निर्माण और नर्मदा जल प्रदाय परियोजना के कार्यों का जायजा लेते हुए कमिश्नर ने पाया कि 'रेस्टोरेशन' (खोदी गई सड़कों को दुरुस्त करना) का काम बेहद धीमी गति से चल रहा है। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए स्पष्ट किया कि टाइमलाइन और क्वालिटी से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को दो टूक कहा गया है कि वे दफ्तर छोड़कर फील्ड पर नियमित मॉनिटरिंग करें ताकि गुणवत्ता बनी रहे।
97% क्षेत्र में संकट खत्म, अब नल से आ रहा जल
क्षेत्र के निवासियों के लिए राहत की खबर यह है कि करीब 97% इलाकों में पाइपलाइन के जरिए नर्मदा पानी की सप्लाई बहाल कर दी गई है। कमिश्नर ने खुद रहवासियों के बीच जाकर फीडबैक लिया, जहां लोगों ने माना कि अब पानी की आपूर्ति नियमित हो गई है। जिन गिने-चुने हिस्सों में अभी पाइपलाइन का काम अधूरा है, वहां निगम प्रशासन ने काम पूरा होने तक टैंकरों से पानी पहुंचाने की व्यवस्था जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
मौके पर ही 'वाटर टेस्ट', क्वालिटी पर फोकस
पानी की शुद्धता को लेकर कोई जोखिम न रहे, इसके लिए निगम कमिश्नर ने अपनी मौजूदगी में ही क्लोरिनेशन की सैंपलिंग करवाई। लैब टेस्टिंग और मौके पर की गई जांच में पानी की क्वालिटी संतोषजनक पाई गई है। कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं कि भविष्य में भी पेयजल आपूर्ति के दौरान नियमित अंतराल पर सैंपलिंग और क्लोरिनेशन की प्रक्रिया को सख्ती से अपनाया जाए।
इस औचक निरीक्षण के बाद निगम गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने साफ संदेश दे दिया है कि भागीरथपुरा जैसी किसी भी लापरवाही को दोबारा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई तय है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

