इंदौर में एमआईसी सदस्य को जान से मारने की धमकी, पोस्टर फाड़कर छोड़ी गई चेतावनी भरी चिट्ठी
इंदौर, 05 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में नगर निगम की राजनीति से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एमआईसी सदस्य और वार्ड 64 के पार्षद मनीष शर्मा उर्फ ‘मामा’ को जान से मारने की धमकी दी गई है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 3 बजे तीन इमली चौराहे पर लगे अपने पोस्टर के फटे होने की सूचना मिलने पर पार्षद मनीष शर्मा मौके पर पहुंचे। वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को भी पोस्टर फाड़ने वाले के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। जब पार्षद ने फटा हुआ पोस्टर देखा, तो उसके भीतर से एक धमकी भरी चिट्ठी मिली। इस चिट्ठी में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें जान से मारने की चेतावनी दी गई थी। साथ ही एक विशेष वर्ग का उल्लेख करते हुए चावल और वाइन शॉप से जुड़े मुद्दों को लेकर भी धमकी दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पार्षद तुरंत भंवरकुआं थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही एसीपी विजय चौधरी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पार्षद के साथ दोबारा मौके पर जाकर जांच की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पार्षद मनीष शर्मा ने बताया कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी उन्हें कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि आखिर उन्हें क्यों निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन वे अपने कर्तव्यों से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे गलत कामों के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे और किसी भी दबाव या धमकी से डरने वाले नहीं हैं। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि धमकी देने वाले अपनी हरकतों से बाज आएं, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

