इंदाैर: महू में फटी नर्मदा की मुख्य पाइपलाइन, सड़कें बनीं तालाब, इंदौर की 80 टंकियों की जलापूर्ति ठप
घरों, दुकानों और बैंकों में घुसा पानी, सात दिन से लीकेज की शिकायत के बावजूद नहीं हुई थी मरम्मत
इंदाैर, 04 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू में गुरुवार सुबह नर्मदा फेस-3 की मुख्य पाइपलाइन फटने से शहर के गैरिसन ग्राउंड क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए। तेज दबाव के साथ हजारों गैलन पानी सड़क पर बह निकला, जिससे करीब आधा किलोमीटर क्षेत्र जलमग्न हो गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि आसपास के घरों, दुकानों और बैंकों में भी घुस गया, जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है। पाइपलाइन फटते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। कई वाहन पानी में फंस गए, जबकि राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी सड़कों से होते हुए सूखे नालों में भी पहुंच गया, जहां तेज बहाव देखने को मिला।
सात दिन से लीकेज की शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई
स्थानीय निवासी रवि महरौलिया ने बताया कि पाइपलाइन में पिछले सात दिनों से लीकेज था और इसकी सूचना संबंधित विभाग को दी गई थी। समय रहते मरम्मत नहीं होने के कारण पाइपलाइन फट गई। उन्होंने बताया कि उनके घर में पानी भरने से घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा है।
दबाव अधिक होने से तत्काल शुरू नहीं हो सकी मरम्मत
छावनी परिषद के जलापूर्ति सुपरवाइजर अजीत ने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन नर्मदा फेस-3 की मुख्य लाइन है। सूचना मिलते ही नर्मदा विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई, लेकिन पाइपलाइन में अत्यधिक दबाव होने के कारण तत्काल मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया जा सका। अधिकारियों के अनुसार दबाव कम होने के बाद ही सुधार कार्य किया जाएगा।
इंदौर की 80 टंकियों पर असर, शुक्रवार को जलापूर्ति प्रभावित
नर्मदा विभाग के अधिकारी जिम्मी रॉबर्ट ने बताया कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से शुक्रवार को इंदौर की करीब 80 पानी की टंकियों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। इसका असर महू शहर के साथ सैन्य क्षेत्र पर भी पड़ेगा। शहर के कई इलाकों में पानी की सप्लाई बाधित रहने की आशंका है।फिलहाल विभागीय अमला बहते पानी की स्थिति पर नियंत्रण पाने तथा पाइपलाइन की मरम्मत की तैयारी में जुटा हुआ था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

