home page

इंदौर: महू के भेरू घाट पर पांच वाहन आपस में टकराए, एक महिला की मौत, एक घायल

 | 
इंदौर: महू के भेरू घाट पर पांच वाहन आपस में टकराए, एक महिला की मौत, एक घायल


महू/इंदाैर, 27 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू स्थित मानपुर थाना क्षेत्र में आगरा-मुंबई फोरलेन के भेरू घाट पर शनिवार दोपहर एक बार फिर सड़क हादसा हो गया। घाट की ढलान पर चार से पांच वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में भोपाल निवासी एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।

मानपुर थाना प्रभारी महेंद्र मकाशले ने बताया कि मृतका की पहचान भोपाल के नेहरू नगर निवासी रजनी पत्नी विजय सिंह (34) के रूप में हुई है। हादसे में भोपाल निवासी एस.के. राय (59) भी घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रजनी को मृत घोषित कर दिया। घायल का उपचार जारी है। दुर्घटना के चलते आगरा-मुंबई फोरलेन पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भेरू घाट की ढलान पर वाहनों की रफ्तार अनियंत्रित होने और एक के बाद एक ब्रेक लगने से यह श्रृंखलाबद्ध टक्कर हुई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील है भेरू घाट

भेरू घाट की ढलान लंबे समय से दुर्घटना संभावित क्षेत्र मानी जाती है। तीखा ढलान, तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण यहां आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राज किशन भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे