home page

इंदौर में बड़ा हादसा टला, सुयश अस्पताल का 70 फीट ऊंचा छज्जा गिरा, मकानों को नुकसान

 | 
इंदौर में बड़ा हादसा टला, सुयश अस्पताल का 70 फीट ऊंचा छज्जा गिरा, मकानों को नुकसान


इंदौर, 01 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर के व्यस्त एबी रोड क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सुयश अस्पताल का करीब 70 फीट ऊंचा छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के वक्त आसपास लोग मौजूद थे, लेकिन राहत की बात रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

संयोगितागंज थाना पुलिस के अनुसार अस्पताल परिसर में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान पीछे की ओर दीवार से जुड़ा बनाया गया भारी-भरकम छज्जा अचानक गिर गया। छज्जा गिरने से पास के दो मकानों के टीन शेड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा भड़क उठा। नाराज भीड़ ने वहां खड़ी क्रेन के कांच फोड़ दिए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।

एफआईआर की तैयारी, जांच शुरू

घटना में नुकसान झेलने वाले मकान मालिक अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने थाने पहुंचे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में लापरवाही के पहलुओं की जांच की जा रही है। इस हादसे ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि उस समय वहां भीड़ ज्यादा होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे