home page

इंदौरः कॉपी-किताबें एक ही स्कूल से खरीदने के संबंध में मोनोपोली करने पर बड़ी कार्रवाई

 | 
इंदौरः कॉपी-किताबें एक ही स्कूल से खरीदने के संबंध में मोनोपोली करने पर बड़ी कार्रवाई


- स्कूल संचालक और कॉपी -किताब विक्रेता के विरुद्ध दर्ज कराई गई एफआईआर

इंदौर, 10 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में कॉपी-किताबें और यूनिफार्म खरीदी के संबंध में मोनोपोली करने की प्रवृत्ति को समाप्त करने के लिए कलेक्टर शिवम वर्मा द्वारा जारी किए गए प्रतिबंधात्मक आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवारको शिकायत मिलने पर एक स्कूल संचालक और कॉपी-किताब विक्रेता के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है।

जिला प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि कार्यालय कलेक्टर इन्दौर के हेल्पलाईन नम्बर पर योगेश द्वारा की गई शिकायत के संबंध गठित जॉच दल द्वारा जॉच की गई। जॉच दल द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन अनुसार श्री सांई एकेडमी, डोंगरगाँव, महू जिला इन्दौर का कोर्स केवल विद्याश्री स्टेशनरी, महू पर ही मिल रहा है। श्री सांई एकेडमी, डोंगरगाँव का अत्यधिक कीमत वाला कोर्स एक ही दुकान विद्याश्री स्टेशनरी महू से क्रय करने हेतु बाध्य किया जा रहा है, जिससे पालकों को अत्यधिक आर्थिक नुकसान हो रहा है।

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी इन्दौर द्वारा धारा 163 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 अन्तर्गत पारित आदेश का संबंधित स्कूल संचालक एवं स्टेशनरी संचालक द्वारा उल्लंघन किया गया है। भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 का उल्लंघन किए जाने पर श्री सांई एकेडमी, डोंगरगॉव महू के संचालक/प्राचार्य तथा विद्याश्री स्टेशनरी महू के संचालक के विरूद्ध पुलिस एफ.आई.आर. दर्ज करायी जाकर अन्य कार्यवाही की जा रही है। स्कूल संचालकों और पुस्तक विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि वे जिला प्रशासन द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेश का कड़ाई से पालन किया जाना सुनिश्चित करें।

किताबों-स्टेशनरी, यूनिफॉर्म में मनमानी के संबंध में हेल्पलाइन पर की जा सकती है शिकायत

स्कूलों में किताबों और स्टेशनरी के नाम पर अधिक कीमत वसूली या जबरन खरीद की शिकायतों को लेकर प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस हेल्पलाइन नम्बर 0731-2431117 पर अभिभावक सीधे शिकायत दर्ज करा सकेंगे। यह हेल्पलाईन कार्यालयीन समय में कार्यरत रहेगी। शिकायत मिलने पर शिक्षा विभाग की टीम तुरंत जांच कर कार्रवाई करेगी। उक्त हेल्पलाइन पर अन्य शिकायतें भी कार्यालयीन समय में दर्ज कराई जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर